(रणभेरी): जौनपुर जिले में शुक्रवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां अपनी ही शादी के लिए बारात लेकर जा रहे 22 वर्षीय युवक की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और खुशी का माहौल पलभर में मातम में बदल गया।
बताया जा रहा है कि घटना रात करीब 9 बजे की है। दूल्हा अपनी कार में सवार होकर बारात के साथ जा रहा था। तभी रास्ते में दो बाइक सवार नकाबपोश हमलावरों ने उसकी गाड़ी को ओवरटेक कर रोक लिया। इसके बाद बदमाशों ने बिना कुछ कहे ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से दूल्हा गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना के वक्त बारात में शामिल अन्य गाड़ियां दूल्हे की कार के पीछे चल रही थीं। गोलीबारी के दौरान अफरा-तफरी मच गई। परिजन जब तक मौके पर पहुंचे, तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। घायल दूल्हे को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान सरायख्वाजा क्षेत्र के बडऊर गांव निवासी युवक के रूप में हुई है, जो पुणे में एक निजी कंपनी में कार्यरत था। उसकी शादी खेतासराय थाना क्षेत्र के बीबीपुर गांव में तय थी और बारात उसी दिशा में जा रही थी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। शुरुआती जांच में पुरानी दुश्मनी की आशंका जताई जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश में जुटी है।
मृतक के पिता ने बताया कि कुछ वर्ष पहले उनके परिवार के साथ मारपीट की गंभीर घटना हुई थी, जिसमें कई लोग शामिल थे। उस मामले में कार्रवाई नहीं होने की बात भी सामने आई है, जिससे पुरानी रंजिश की कड़ी जुड़ने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है और परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
