(रणभेरी): शहर के बर्रा क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां दिल्ली निवासी एक भाजपा नेता ने ससुराल के बाहर जहर खाकर आत्महत्या कर ली। मौत से पहले उन्होंने करीब 9 मिनट का ऑडियो रिकॉर्ड कर परिजनों, दोस्तों और पुलिस को भेजा, जिसमें ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
मृतक की पहचान 38 वर्षीय विनोद कुमार मिश्रा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से कन्नौज के रहने वाले थे और दिल्ली के नरेला क्षेत्र में भाजपा मंडल अध्यक्ष के पद पर कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि वह एक निजी बैंक में फील्ड ऑफिसर भी थे।
ऑडियो में लगाए गंभीर आरोप
मौत से पहले भेजे गए ऑडियो में विनोद ने कहा कि वह जीना चाहते थे, लेकिन ससुराल पक्ष ने उन्हें मानसिक रूप से इस कदर परेशान कर दिया कि उन्हें यह कदम उठाना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ साजिश रची गई और उन्हें आत्महत्या के लिए मजबूर किया गया।
पत्नी के मायके जाने को लेकर था विवाद
परिजनों के मुताबिक, विनोद और उनकी पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसकी मुख्य वजह पत्नी का मायके में रहना था। कुछ महीने पहले वह पत्नी को समझाकर दिल्ली ले गए थे, लेकिन अप्रैल में पारिवारिक कार्यक्रम के बहाने पत्नी कानपुर आ गईं और फिर वापस नहीं लौटीं।
मिलने नहीं दिया, बढ़ा तनाव
बताया जा रहा है कि जब विनोद पत्नी को लेने ससुराल पहुंचे तो उन्हें मिलने नहीं दिया गया। इस बात को लेकर विवाद और गहरा गया। उन्होंने पुलिस से भी शिकायत की, लेकिन मामला सुलझ नहीं सका।
अयोध्या दर्शन के बाद उठाया कदम
घटना से एक दिन पहले विनोद अपने दोस्त के साथ अयोध्या गए थे। लौटने के बाद वह प्रसाद देने ससुराल पहुंचे और पत्नी को साथ चलने के लिए कहा। इसी दौरान कहासुनी हुई और कुछ देर बाद उन्होंने ससुराल के बाहर ही जहर खा लिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन उन्हें तत्काल हैलट अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ऑडियो में परिजनों से मांगी माफी
रिकॉर्डिंग में विनोद ने अपने बच्चों, मां और अन्य परिजनों से माफी मांगते हुए कहा कि वह परिस्थितियों से टूट चुके हैं। साथ ही उन्होंने अपनी मौत के लिए ससुराल पक्ष के कुछ लोगों को जिम्मेदार ठहराया। बर्रा थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि ऑडियो रिकॉर्डिंग और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
