कौशांबी में प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक की पीट-पीटकर हत्या, किशोरी गंभीर घायल

कौशांबी में प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक की पीट-पीटकर हत्या, किशोरी गंभीर घायल

देर रात युवती के घर पहुंचा था 19 वर्षीय युवक, परिजनों ने दोनों को पकड़कर बेरहमी से पीटा; मुख्य आरोपी परिवार सहित फरार, पुलिस जांच में जुटी

(रणभेरी): कौशांबी जिले के मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र से कथित ऑनर किलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्रेम संबंध के चलते 19 वर्षीय युवक की कथित तौर पर लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, जबकि उसकी 16 वर्षीय प्रेमिका गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस की शुरुआती जांच में मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा सामने आया है। घटना के बाद युवती के परिजन घर छोड़कर फरार हो गए हैं और उनकी तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार, मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र निवासी शिव प्रसाद का महुआ खाड़ा गांव की रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी से करीब एक वर्ष से प्रेम संबंध था। गुरुवार को युवक अपनी मौसी के घर गया था। परिजनों को उसने शाम के समय फोन कर बताया था कि वह घर लौट रहा है, लेकिन रात में वह चोरी-छिपे अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंच गया।

बताया जा रहा है कि देर रात युवती के परिजनों ने दोनों को घर के भीतर देख लिया। इसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और युवक तथा किशोरी के साथ कथित तौर पर लाठी-डंडों और अन्य वस्तुओं से बेरहमी से मारपीट की गई। गंभीर रूप से घायल दोनों को घर के बाहर छोड़ दिया गया।

कौशांबी में प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक की पीट-पीटकर हत्या, किशोरी गंभीर घायल

कुछ देर बाद युवक के परिजन मौके पर पहुंचे तो शिव प्रसाद सड़क किनारे लहूलुहान हालत में मिला। पास ही उसकी प्रेमिका भी गंभीर रूप से घायल पड़ी थी। दोनों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान शुक्रवार सुबह युवक ने दम तोड़ दिया। वहीं किशोरी का अस्पताल में इलाज जारी है।

मृतक की मां पुनीती देवी का कहना है कि रात करीब 12 बजे बेटे का फोन आया था। उसने घबराए हुए स्वर में कहा कि उसे बचा लिया जाए, क्योंकि वहां मौजूद लोग उसकी जान लेने पर आमादा हैं। इसके कुछ ही क्षण बाद फोन कट गया। परिवार जब मौके पर पहुंचा तो युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला।

घटना की सूचना मिलते ही मंझनपुर कोतवाली पुलिस, क्षेत्राधिकारी सदर तथा फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में प्रेम-प्रसंग को लेकर विवाद और मारपीट की पुष्टि होने की बात सामने आई है।

कौशांबी में प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक की पीट-पीटकर हत्या, किशोरी गंभीर घायल

मृतक के बड़े भाई गुरु प्रसाद ने आरोप लगाया कि युवती के परिजनों ने योजनाबद्ध तरीके से उसके भाई की हत्या की है। वहीं मृतक की मां ने युवती के पिता, उसके दोनों बेटों और अन्य परिजनों पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है तथा सभी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपी परिवार के सदस्य घर छोड़कर फरार हो गए। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

मृतक शिव प्रसाद अपने पिता के साथ खेती-किसानी कर परिवार का सहयोग करता था। परिवार में माता-पिता और भाई हैं। वहीं घायल किशोरी अपने परिवार की इकलौती बहन बताई जा रही है।

कौशांबी में प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक की पीट-पीटकर हत्या, किशोरी गंभीर घायल

पुलिस का बयान

क्षेत्राधिकारी सदर शिवांक सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम संबंध से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। युवक देर रात युवती से मिलने उसके घर पहुंचा था, जिसके बाद विवाद हुआ और उसके साथ मारपीट की गई। गंभीर चोट लगने से इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई, जबकि युवती का उपचार जारी है। पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *