(रणभेरी): दिल्ली से पटना जा रही इंडिगो की उड़ान 6E-6497 गुरुवार को खराब मौसम और तेज टर्बुलेंस की चपेट में आ गई। अचानक आए झटकों से विमान में बैठे यात्रियों के बीच कुछ समय के लिए घबराहट का माहौल बन गया। हालांकि, विमान की कमान संभाल रहे पायलट और पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी ने संयम और सतर्कता दिखाते हुए फ्लाइट को सुरक्षित तरीके से लखनऊ एयरपोर्ट पर उतार दिया।
जानकारी के अनुसार, विमान निर्धारित समय पर दिल्ली से रवाना हुआ था। उड़ान के दौरान मौसम तेजी से बिगड़ गया, जिसके कारण विमान को कई बार तेज हिचकोलों का सामना करना पड़ा। यात्रियों ने बताया कि कुछ देर के लिए केबिन में तनाव और डर का माहौल बन गया था।
पटना पहुंचने के बाद भी मौसम सामान्य नहीं होने के कारण विमान की लैंडिंग संभव नहीं हो सकी। पायलट ने हालात को देखते हुए पहले वैकल्पिक मार्ग अपनाने की कोशिश की, लेकिन जरूरी अनुमति न मिलने के कारण आखिरकार फ्लाइट को लखनऊ की ओर मोड़ दिया गया।
लखनऊ एयरपोर्ट पर विमान की सुरक्षित लैंडिंग होते ही यात्रियों ने राहत महसूस की। इसके बाद कैप्टन राजीव प्रताप रूडी ने मुस्कुराते हुए यात्रियों से कहा कि अब वे चैन की सांस ले सकते हैं। उनके इतना कहते ही विमान में तालियों की गूंज सुनाई दी और यात्रियों ने पायलट की सूझबूझ की सराहना की।
घटना के दौरान एयरलाइन की ओर से यात्रियों को लगातार स्थिति की जानकारी दी जाती रही। सुरक्षित लैंडिंग के बाद यात्रियों ने चालक दल और पायलट का आभार जताया।
