गोरखपुर को मिला इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम का तोहफा

गोरखपुर को मिला इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम का तोहफा

CM योगी और केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने किया शिलान्यास, 393 करोड़ की लागत से बनेगा आधुनिक स्टेडियम

(रणभेरी): पूर्वांचल के खेल प्रेमियों के लिए शनिवार का दिन ऐतिहासिक बन गया, जब गोरखपुर में बनने वाले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने किया। ताल नदोर क्षेत्र में आयोजित भव्य समारोह में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और खेल प्रेमी मौजूद रहे।

कार्यक्रम से पहले केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने गुरु गोरखनाथ मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन किया। वहीं सांसद रवि किशन समारोह में कार पूल के जरिए पहुंचे। उनके साथ केंद्रीय मंत्री कमलेश पासवान और कुशीनगर सांसद विजय दुबे भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंच से संबोधित करते हुए विपक्ष पर निशाना साधा और कहा कि जो लोग समाज को जाति, क्षेत्र और भाषा के आधार पर बांटने का काम करते हैं, वे जनता के हितैषी नहीं हो सकते। उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकारों ने सत्ता का उपयोग केवल अपने परिवार और स्वार्थ के लिए किया, जबकि वर्तमान सरकार विकास और जनकल्याण के लिए काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते दस वर्षों में पूर्वांचल की तस्वीर बदल चुकी है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि एक समय गोरखपुर से वाराणसी की यात्रा में सात से आठ घंटे लगते थे, लेकिन आज बेहतर सड़कों और इंफ्रास्ट्रक्चर की वजह से यह दूरी ढाई घंटे में पूरी हो रही है।

गोरखपुर को मिला इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम का तोहफा

46 एकड़ में बनेगा विश्वस्तरीय स्टेडियम

गोरखपुर-वाराणसी हाईवे पर स्थित ताल नदोर में बनने वाला यह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम करीब 46 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित किया जाएगा। इसकी अनुमानित लागत लगभग 393 करोड़ रुपए बताई गई है। स्टेडियम में एक साथ 30 हजार दर्शकों के बैठने की व्यवस्था होगी।

स्टेडियम ‘ग्राउंड प्लस टू फ्लोर’ मॉडल पर तैयार किया जाएगा। मुख्य मैदान पर खिलाड़ियों के लिए सात प्लेइंग पिच और चार प्रैक्टिस पिच बनाई जाएंगी। पूर्वी और पश्चिमी स्टैंड में लगभग 14-14 हजार दर्शकों के बैठने की सुविधा होगी। इसके अलावा वीआईपी, वीवीआईपी और मीडिया प्रतिनिधियों के लिए अलग पैवेलियन बनाए जाएंगे। रात्रि मैचों के आयोजन के लिए अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप हाई मास्ट फ्लड लाइट्स लगाई जाएंगी। क्रिकेट के अलावा यहां बड़े सांस्कृतिक और राष्ट्रीय आयोजन भी कराए जा सकेंगे।

गोरखपुर को मिला इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम का तोहफा

स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और अन्य सुविधाएं भी होंगी विकसित

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि स्टेडियम के आसपास 60 एकड़ अतिरिक्त भूमि आरक्षित रखी गई है, जहां आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित किया जाएगा। इसमें हॉकी मैदान, इनडोर स्टेडियम, होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक सुविधाएं भी तैयार की जाएंगी। उन्होंने कहा कि कुछ वर्ष पहले तक यह क्षेत्र उपेक्षित और बंजर पड़ा था, लेकिन अब इसे कब्जामुक्त कर विकास कार्यों के लिए उपयोग में लाया जा रहा है। सीएम ने यह भी बताया कि इसी क्षेत्र में वेटरनरी कॉलेज का निर्माण भी जारी है, जिससे पशु चिकित्सा और पशुधन विकास को नई दिशा मिलेगी।

खेल प्रतिभाओं को मिलेगा रोजगार

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को केवल मंच ही नहीं बल्कि रोजगार भी उपलब्ध करा रही है। उन्होंने बताया कि अब तक 534 से अधिक खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सीधे नियुक्तियां दी गई हैं। इनमें कुछ खिलाड़ियों को डिप्टी एसपी, नायब तहसीलदार और अन्य प्रशासनिक पदों पर तैनाती मिली है।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि जल्द ही 500 खिलाड़ियों की नई भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि जो खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतेंगे, उन्हें सीधे सरकारी सेवा में अवसर मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि भारत ने वर्ष 2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए दावेदारी पेश की है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के खिलाड़ियों को विश्व मंच पर नई पहचान दिलाने का कार्य कर रहे हैं।

हर ब्लॉक में मिनी स्टेडियम बनाने की योजना

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य सरकार खेल इंफ्रास्ट्रक्चर को तेजी से मजबूत कर रही है। हर जिले में स्टेडियम निर्माण का काम चल रहा है और हर ब्लॉक में मिनी स्टेडियम बनाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रत्येक मंडल में स्पोर्ट्स कॉलेज स्थापित करने की दिशा में भी काम जारी है। मेरठ में बन रही देश की आधुनिक खेल यूनिवर्सिटी जल्द ही जनता को समर्पित की जाएगी।

हरदीप सिंह पुरी बोले – युवाओं के सपनों को मिलेगा नया मंच

केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने अपने संबोधन में कहा कि यह केवल स्टेडियम निर्माण का कार्यक्रम नहीं बल्कि देश के युवाओं के सपनों को नई दिशा देने का संकल्प है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी पहचान एक सख्त प्रशासक के रूप में जरूर है, लेकिन वे योजनाओं की बारीकियों को गहराई से समझते हैं और हर परियोजना पर व्यक्तिगत रूप से नजर रखते हैं। पुरी ने बताया कि उत्तर प्रदेश में एथेनॉल ब्लेंडिंग को लेकर मुख्यमंत्री से चर्चा हुई, जिस पर उन्होंने तुरंत सकारात्मक रुख दिखाया।

गोरखपुर को मिला इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम का तोहफा

सांसद रवि किशन ने लगाए हर-हर महादेव के नारे

समारोह के दौरान सांसद रवि किशन ने मंच पर पहुंचते ही “हर-हर महादेव” के जयकारे लगाए। उन्होंने कहा कि गोरखपुर के लिए यह गर्व का क्षण है और आने वाले वर्षों में यहां अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबले आयोजित होंगे।

उन्होंने कहा कि आईपीएल मैचों के आयोजन से स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी। साथ ही उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को खेलों की ओर प्रेरित करने की अपील की। रवि किशन ने कहा कि खेल युवाओं को नशे और गलत गतिविधियों से दूर रखते हैं और मैदान में मेहनत करने वाला ही जीवन में आगे बढ़ता है।

बेहतर कनेक्टिविटी बनेगी बड़ी ताकत

ताल नदोर में बन रहा यह स्टेडियम कनेक्टिविटी के लिहाज से भी काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यह गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन हाईवे से जुड़ा हुआ है। गोरखपुर एयरपोर्ट से इसकी दूरी लगभग 24 किलोमीटर और रेलवे स्टेशन से करीब 20 किलोमीटर होगी। इससे खिलाड़ियों और दर्शकों को आने-जाने में आसानी होगी।

पेट्रोलियम कंपनियां देंगी CSR फंड

स्टेडियम निर्माण के लिए देश की प्रमुख पेट्रोलियम कंपनियां भी सहयोग कर रही हैं। परियोजना के लिए CSR फंड के तहत कुल 100 करोड़ रुपए उपलब्ध कराए जाएंगे। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन 60 करोड़, भारत पेट्रोलियम 30 करोड़ और हिंदुस्तान पेट्रोलियम 10 करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करेंगी।

2027 तक पूरा होगा निर्माण कार्य

प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराई गई जमीन पर दिसंबर 2025 से निर्माण कार्य शुरू किया जा चुका है। परियोजना की पहली किस्त के रूप में 63.39 करोड़ रुपए जारी किए गए हैं और अब तक लगभग सात प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। निर्माण एजेंसी के अनुसार स्टेडियम का कार्य दिसंबर 2027 तक पूर्ण कर लिया जाएगा। इसके बाद गोरखपुर भी देश के प्रमुख क्रिकेट शहरों में शामिल हो जाएगा।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *