तीन महीने से लापता 16 वर्षीय अनुज की तलाश में वृंदावन पहुंचे परिजन, केली कुंज आश्रम के बाहर धरना

तीन महीने से लापता 16 वर्षीय अनुज की तलाश में वृंदावन पहुंचे परिजन, केली कुंज आश्रम के बाहर धरना

(रणभेरी): हाथरस के बारामई खेड़ा गांव से लापता 16 वर्षीय अनुज चौधरी की तलाश में उसके परिजन शुक्रवार को वृंदावन पहुंचे। परिवार का दावा है कि अनुज ने करीब तीन महीने पहले केली कुंज आश्रम में संत प्रेमानंद महाराज से दीक्षा ली थी। इसके कुछ दिन बाद वह घर से आश्रम जाने की बात कहकर निकला और फिर वापस नहीं लौटा।

अनुज के पिता राजवीर सिंह, मां, दादी मुन्नी, चार बहनें, चाचा और गांव के अन्य लोग सुबह करीब 11 बजे केली कुंज आश्रम के बाहर पहुंच गए। परिजनों ने वहीं धरना शुरू कर दिया। उनका कहना है कि जब तक अनुज का पता नहीं चलता, वे आश्रम के बाहर से नहीं जाएंगे।

चार बेटियों के बीच इकलौता बेटा है अनुज

अनुज के पिता राजवीर सिंह किसान हैं। उन्होंने बताया कि अनुज उनका इकलौता बेटा है और चार बहनों के बीच पला-बढ़ा है। वह पढ़ाई कर रहा था और इस वर्ष इंटरमीडिएट में था।

परिजनों के अनुसार, वृंदावन के समीप पानीगांव में अनुज की ननिहाल है। वहां आने-जाने के दौरान उसका केली कुंज आश्रम जाना शुरू हुआ। बाद में उसने संत प्रेमानंद महाराज से दीक्षा लेने की इच्छा जताई। परिवार की सहमति के बाद उसने करीब तीन महीने पहले दीक्षा ली।

तीन महीने से लापता 16 वर्षीय अनुज की तलाश में वृंदावन पहुंचे परिजन, केली कुंज आश्रम के बाहर धरना

राजवीर सिंह के मुताबिक, दीक्षा लेने के बाद अनुज लगभग पांच दिन घर पर रहा। इसके बाद उसने महाराज के दर्शन के लिए जाने की बात कही और घर से निकल गया। उस समय उसके पास कंठी-माला और तीन किताबें थीं। इसके बाद परिवार को उसकी कोई जानकारी नहीं मिली।

पिता ने भावुक होकर कहा कि परिवार की मांग सिर्फ अपने बेटे को वापस पाने की है। उन्होंने कहा कि बेटे के मिलते ही परिवार वापस अपने गांव चला जाएगा।

दादी ने आश्रम पर लगाया सहयोग नहीं करने का आरोप

अनुज की दादी मुन्नी का आरोप है कि परिवार जब आश्रम में उसके बारे में जानकारी लेने पहुंचा तो वहां मौजूद लोगों ने उनकी बात गंभीरता से नहीं सुनी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि परिवार के सदस्यों को वहां से बाहर कर दिया गया।

दादी के अनुसार, परिजनों ने आश्रम परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखने की मांग की थी, लेकिन उन्हें फुटेज देखने की अनुमति नहीं दी गई। परिवार को कथित तौर पर बताया गया कि अनुज साधना में है और बाद में लौट आएगा।

मुन्नी ने बताया कि परिवार ने अनुज की गुमशुदगी को लेकर सादाबाद और बिसावर थाने में शिकायत की थी। पुलिस ने आश्रम पहुंचकर भी जानकारी जुटाई, लेकिन अभी तक अनुज का कोई सुराग परिवार को नहीं मिला है।दादी का कहना है कि गुरुवार को आश्रम के एक महात्मा ने परिवार से जल्द अनुज को सौंपने की बात कही थी, लेकिन इसके बाद भी उन्हें बच्चा नहीं मिला।

परिजनों के मुताबिक, अनुज से उनकी आखिरी फोन पर बातचीत महीने की 3 तारीख की सुबह हुई थी। इसके बाद उसका फोन संपर्क नहीं हो पाया।

सूचना पर आश्रम पहुंची पुलिस

आश्रम के बाहर परिवार के धरने की जानकारी मिलने के बाद वृंदावन पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ वृंदावन संदीप सिंह और कोतवाली प्रभारी अश्वनी कुमार ने परिजनों से बातचीत की और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इसके बाद पुलिस टीम आश्रम परिसर के अंदर गई और वहां अनुज से संबंधित जानकारी जुटाने का प्रयास किया।

तीन महीने से लापता 16 वर्षीय अनुज की तलाश में वृंदावन पहुंचे परिजन, केली कुंज आश्रम के बाहर धरना

आश्रम प्रबंधन ने कहा- अनुज की तलाश की जा रही है

पुलिस की मौजूदगी में आश्रम का एक साधक बाहर आया और उसने परिजनों से बातचीत की। साधक के अनुसार, अनुज की तस्वीर आश्रम के सेवादारों के ग्रुप में साझा की गई है।

आश्रम की ओर से बताया गया कि गुरु पूर्णिमा के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु और शिष्य यहां पहुंचे थे। उस दौरान भी अनुज के संबंध में जानकारी जुटाई गई थी, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। आश्रम प्रबंधन ने परिवार को हरसंभव सहयोग देने की बात कही है। हालांकि, परिजन आश्रम की ओर से दिए गए इस जवाब से संतुष्ट नहीं हुए और उन्होंने अनुज को जल्द तलाशने की मांग दोहराई।

सादाबाद में पहले से दर्ज है गुमशुदगी का मुकदमा

सीओ वृंदावन संदीप सिंह के अनुसार, अनुज के लापता होने के संबंध में सादाबाद थाने में पहले से मुकदमा दर्ज है। पुलिस अब आश्रम में दीक्षा से संबंधित रिकॉर्ड भी देख रही है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और उपलब्ध जानकारी के आधार पर अनुज की तलाश के प्रयास जारी हैं। वहीं, परिवार लगातार अपने बेटे को खोजने और उससे संपर्क कराने की मांग कर रहा है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *