मुरादाबाद में बड़ा अग्निकांड: हैंडीक्राफ्ट फैक्टरी में भड़की आग, दूर-दूर तक दिखा धुआं

मुरादाबाद में बड़ा अग्निकांड: हैंडीक्राफ्ट फैक्टरी में भड़की आग, दूर-दूर तक दिखा धुआं

(रणभेरी): मुरादाबाद कटघर थाना क्षेत्र के रामपुर दोराहा स्थित आरएच इंटरनेशनल फैक्टरी में सोमवार सुबह अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और फैक्टरी परिसर से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। आग से निकला घना धुआं करीब दो किलोमीटर दूर तक दिखाई देता रहा।

बताया गया कि फैक्टरी में निर्यातक मोहम्मद तसलीम के यहां हैंडीक्राफ्ट से जुड़े उत्पाद तैयार किए जाते हैं। सोमवार सुबह करीब 11 बजे अचानक यूनिट में आग भड़क उठी। फैक्टरी में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री और हैंडीक्राफ्ट का सामान मौजूद होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई।

आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राजीव पांडे के अनुसार, फिलहाल 10 दमकल वाहनों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है। आग से प्रभावित यूनिट के अलावा पास की दूसरी यूनिट को भी बचाने की कोशिश की जा रही है, ताकि आग वहां तक न फैल सके।

आग की तीव्रता को देखते हुए दमकल विभाग ने दूसरे स्थानों से भी फायर टेंडर मंगाए हैं। कर्मचारी लगातार आग बुझाने में जुटे हुए हैं। हालांकि, अभी तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका है। फैक्टरी में रखे सामान के नुकसान का सही आंकड़ा फिलहाल सामने नहीं आया है। अधिकारियों के मुताबिक आग पूरी तरह बुझने और मौके का निरीक्षण किए जाने के बाद ही नुकसान का आकलन किया जा सकेगा।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *