‘चाचा-भतीजे की जोड़ी’ पर योगी का तंज: बोले- पहले बिना परीक्षा नौकरी मिलती थी, अब 6 महीने में देंगे 1 लाख से ज्यादा नियुक्तियां

‘चाचा-भतीजे की जोड़ी’ पर योगी का तंज: बोले- पहले बिना परीक्षा नौकरी मिलती थी, अब 6 महीने में देंगे 1 लाख से ज्यादा नियुक्तियां

वाराणसी (रणभेरी): मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को लखनऊ में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम के दौरान सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और शिवपाल यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पहले नौकरियों में ‘डकैती’ डालने के लिए चाचा-भतीजे की जोड़ी बेखौफ निकल पड़ती थी। आज वे उपदेश देने की भूमिका में हैं। 2027 के बाद उपदेशक भी नहीं रह पाएंगे।

मुख्यमंत्री ने लोक सेवा आयोग (UPPSC) और अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) के 818 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र बांटे। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में भर्ती प्रक्रिया में जमकर अनियमितताएं होती थीं। विज्ञापन जारी होते ही ठेके बांट दिए जाते थे और धंधा शुरू हो जाता था। कई बार बिना परीक्षा दिए ही नौकरी मिल जाती थी।

‘अगले छह महीने में एक लाख से ज्यादा युवाओं को नौकरी’

योगी ने कहा कि जिन लोगों ने 2017 से पहले नियुक्ति पत्र बांटने में गदर मचाई थी, वे नोट कर लें। अगले छह महीने में एक लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी जाएगी। उन्होंने कहा, ‘वे गिनते रहें, हम नौकरियां देते जाएंगे।

’मुख्यमंत्री के मुताबिक, यूपी होमगार्ड में 42 हजार नियुक्तियां होने जा रही हैं। अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के आगामी छह महीने में आने वाले परिणामों के जरिए 25 से 30 हजार युवाओं को रोजगार मिलेगा। शिक्षा चयन आयोग से 20 से 25 हजार और लोक सेवा आयोग से 15 से 16 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे।

‘चाचा-भतीजे की जोड़ी’ पर योगी का तंज: बोले- पहले बिना परीक्षा नौकरी मिलती थी, अब 6 महीने में देंगे 1 लाख से ज्यादा नियुक्तियां

भर्ती बोर्ड और आयोगों पर भी साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले भर्ती बोर्ड और आयोगों में भाई-भतीजों को बैठाकर भर्ती प्रक्रिया को बदनाम किया गया। एक भी भर्ती ईमानदारी से नहीं होती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौर में UPPSC के चेयरमैन पद पर ऐसे व्यक्ति को बैठाया गया, जो खुद योग्य नहीं था। चेयरमैन बनने के बाद उसने भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी की, जिसके विरोध में युवाओं को सड़क पर उतरना पड़ा।

योगी ने कहा कि अब भर्ती बोर्ड और आयोग शासन की राजनीति का शिकार नहीं होते। सरकार अब तक करीब साढ़े नौ लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र दे चुकी है। ग्रुप सी और डी की भर्तियों में इंटरव्यू की व्यवस्था भी खत्म कर दी गई है।

2017 से पहले हर दूसरे दिन दंगा, महीनों रहता था कर्फ्यू’

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले यूपी की धारणा ऐसी थी कि हर दूसरे दिन दंगा होता था और महीनों तक कर्फ्यू रहता था। युवाओं के सामने नौकरी का संकट था। उन्होंने कहा कि कोई बेटी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करती थी और व्यापारी भी व्यापार करने से डरते थे।

योगी ने कहा कि उनकी सरकार ने इस चुनौती को अवसर के रूप में लिया और मिशन रोजगार शुरू किया। उन्होंने दावा किया कि आज यूपी स्टेट रेवेन्यू सरप्लस वाला प्रदेश है। जो लोग ये काम नहीं कर पाए, वही आज सरकार से सवाल उठा रहे हैं।

‘चाचा-भतीजे की जोड़ी’ पर योगी का तंज: बोले- पहले बिना परीक्षा नौकरी मिलती थी, अब 6 महीने में देंगे 1 लाख से ज्यादा नियुक्तियां

‘उपद्रव प्रदेश बनाने वालों को जनता बर्दाश्त नहीं करेगी’

मुख्यमंत्री ने कहा कि 25 से 29 सितंबर तक यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो आयोजित होगा। आज प्रदेश में बाहर से निवेशक आ रहे हैं। सरकार ईमानदारी से काम करे और बिना भेदभाव सभी को अवसर दे, तभी ऐसे बदलाव संभव हैं। उन्होंने कहा कि जिन्होंने उत्सव के प्रदेश को उपद्रव का प्रदेश बना दिया, उन्हें यूपी की जनता कभी बर्दाश्त नहीं करेगी। यह केवल गलती नहीं थी, बल्कि शरारत थी।

आयुष को लेकर बोले- अब बन रहे विश्वविद्यालय

योगी ने कहा कि 2014 से पहले आयुष की कोई खास पहचान नहीं थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नया मंत्रालय बनाकर पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों को पहचान दिलाई। अब आयुर्वेद और होम्योपैथी में युवाओं की रुचि बढ़ी है और प्रदेश में आयुष विश्वविद्यालय भी बनाए जा रहे हैं।

नियुक्ति पाने वाले अभ्यर्थियों ने क्या कहा

नियुक्ति पत्र पाने वाली डॉ. रेखा पालावत ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी रही। उनके पिता किसान हैं और माता-पिता की मेहनत से वह यहां तक पहुंची हैं। उन्होंने कहा कि जो भी जिम्मेदारी मिलेगी, उसे ईमानदारी से निभाएंगी।होम्योपैथिक फार्मासिस्ट अंशु गुप्ता ने नियुक्ति को खुशी का पल बताते हुए कहा कि परीक्षा पारदर्शी तरीके से हुई। एक्स-रे टेक्नीशियन सरिता सोनी ने कहा कि बेटियों को सम्मान और सुरक्षा के साथ आत्मनिर्भर बनने के लिए रोजगार के अवसर मिल रहे हैं।एक्स-रे टेक्नीशियन अनुराग गौतम और सहायक सांख्यिकी अधिकारी दिलीप कुमार ने भी मुख्यमंत्री और सरकार का आभार जताया और पूरी ईमानदारी से सेवा करने की बात कही।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *