पानी भरने के विवाद में युवक की लाठियों से पीटकर हत्या

 पानी भरने के विवाद में युवक की लाठियों से पीटकर हत्या

अमेठी। जिले के जायस इलाके में पानी भरने के विवाद में एक युवक की लाठियों से पीटकर हत्या कर दी गई। परिजनों ने एक दंपत्ति सहित चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। गांव में पुलिस तैनात है। पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। जायस कोतवाली क्षेत्र के गंगाराम का पुरवा गांव निवासी संतोष यादव (25) घर के पास ही लगे हैंडपंप पर रविवार देर शाम पानी भरने गया था। तभी हैंडपंप के पास रहने वाले राजकरन और उसके परिजनों से से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर इन लोगों ने संतोष पर लाठियों से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इस बीच लोगों की सूचना पर पुलिस पहुंची। पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई। उसके बाद संतोष यादव की पत्नी व परिजन उसे थाने से घर ले गए। उसे इलाज के लिए ले जाते इससे पहले ही देर रात उसकी घर में ही मौत हो गई।

घटना को लेकर मृतक के परिजनों ने गांव के ही राजकरन, उसकी पत्नी सुमन सहित चार लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। आरोपी भागे हुए हैं। गांव में एहतियात के तौर पर पुलिस लगी है। एसओ रवि सिंह का कहना है कि मामले में तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया जा रहा है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ा जाएगा।