मेरठ में बीच सड़क पर युवती से छेड़छाड़: विरोध करने पर पीटा , CCTV से पहचान कर आरोपी गिरफ्तार

मेरठ में बीच सड़क पर युवती से छेड़छाड़: विरोध करने पर पीटा , CCTV से पहचान कर आरोपी गिरफ्तार

(रणभेरी):  किठौर थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय किशोरी के साथ दिनदहाड़े छेड़छाड़ और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोपी युवक को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह टूटा हाथ लेकर रो-रोकर माफी मांगते दिख रहा है।

 मामला क्या है

3 अक्टूबर को गाजियाबाद की लोनी निवासी किशोरी अपनी नानी के गांव आई थी। गांव में ही शाहजहांपुर नई बस्ती का रहने वाला जानू (20) उसका पीछा कर रहा था। उसने छिपकर लड़की का वीडियो बना लिया। जब किशोरी ने मोबाइल दिखाने की बात कही तो जानू ने इनकार कर दिया। इसी बात पर विवाद बढ़ा और आरोपी ने लड़की से छेड़छाड़ शुरू कर दी।

लड़की ने आरोप लगाया कि युवक ने उसका गला दबाया, दुपट्टा खींचा और पीटने लगा। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने किशोरी को बचाया। यह पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

 FIR दर्ज, आरोपी गिरफ्तार

सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस थाने जाकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी का वीडियो भी सामने आया, जिसमें वह बाएं हाथ से कान पकड़कर कहता नजर आ रहा है -"साहब मुझसे गलती हो गई, अब छेड़छाड़ नहीं करूंगा।"

 राजनीतिक बयानबाजी

समाजवादी पार्टी (सपा) ने X (ट्विटर) पर लिखा कि भाजपा सरकार में बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। सपा ने आरोप लगाया कि महिला अपराधों में यूपी लगातार नंबर-1 बना हुआ है। 

कांग्रेस पार्टी ने भी सरकार पर निशाना साधा। कांग्रेस ने पूछा – "कहां गया मुख्यमंत्री जी का रोमियो स्क्वॉड?" और कहा कि शोहदों के बढ़ते हौसले प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था की पोल खोलते हैं