पीएम मोदी आज श्रीराम का करेंगे राजतिलक, जगमग होगी राम की पैड़ी, बनेगा विश्व रिकॉर्ड

पीएम मोदी आज श्रीराम का करेंगे राजतिलक, जगमग होगी राम की पैड़ी, बनेगा विश्व रिकॉर्ड

(रणभेरी): दिवाली पर भगवान राम की जन्मस्थली अयोध्या में रविवार को भव्य दीपोत्सव मनाया जायेगा जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल होंगे। उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ इस मौके पर मोदी का स्वागत और अभिनंदन करेंगे। पावन नगरी अयोध्या भगवान श्रीराम के स्वागत में दुल्हन सी सज चुकी है। जेलर शो की रंगबिरंगी छटा हर व्यक्ति को विभोर कर रही है। खास बात ये है कि इस बार अयोध्या में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी दिवाली पर प्रभु श्रीराम का स्वागत करेंगे। ऐसा पहली बार हो रहा है जब दिवाली पर अयोध्या में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल हो रहे हैं। पीएम मोदी श्रीरामलला का राजतिलक करेंगे। इस अद्वितीय मौके के लिए शहर में श्रीराम जन्मभूमि, राम की पैड़ी, सरयू घाट व रामकथा पार्क पर अभूतपूर्व सजावट की गई है।

छठे दिव्य दीपोत्सव-2022 के शुभारंभ के लिए अविवि के फाइन आर्ट्स विभाग के छात्र-छात्राओं ने भव्य दीपक तैयार किया है। राष्ट्रीय पक्षी मोर जैसे बनाए गए, इस दीपक को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। दीपोत्सव के लिए राम की पैड़ी पर मुख्य मंच बनाया जा रहा है, जिस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, यूपी की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा राष्ट्रीय पक्षी मोर के रूप में बने दीप को जलाकर समारोह का शुभारंभ किया जाएगा। मुख्य मंच पर प्रज्ज्वलित होने वाला ये दीप अपने आप में एक व्यापक संदेश विश्लेषित करेगा।  इस बार राम की पैड़ी पर 15 लाख दीये जलाए जाएंगे, जो एक नया विश्व रिकॉर्ड होगा। पूरी अयोध्या नगरी को 20 लाख दीयों से सजाया जाएगा। इसके भव्य आयोजन के साक्षी खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी होंगे। अवध विश्वविद्यालय के सैकड़ों विद्यार्थियों, जिनमें छात्र और छात्राएं पूरे उत्साह से दीप-माला सजा रहे हैं। उदया चौराहे से सरयू घाट, राम की पैड़ी से रामकथा पार्क तक अयोध्या जगमगा रही है। प्रमुख मार्गों पर दोनों तरफ होर्डिंग, द्वार बनाए गए हैं। अयोध्या नगरी में विभिन्न घाटों, मंदिरों को अभूतपू्र्व तरीके से सजाया गया है। लेजर लाइट की चमक लोगों के चेहरों पर उनकी खुशी के रूप में प्रतिबिंबित हो रही है। लग रहा है जैसे वे खुद को दुनिया का सबसे खुशकिस्मत शख्स मान कर उस क्षण का आनंद ले रहे हैं।