आज वाराणसी आएंगे उप राष्ट्रपति: करेंगे काशी भ्रमण, गंगा आरती होंगे शामिल और करेंगे काशी विश्वनाथ का दर्शन-पूजन

आज वाराणसी आएंगे उप राष्ट्रपति: करेंगे काशी भ्रमण, गंगा आरती होंगे शामिल और करेंगे काशी विश्वनाथ का दर्शन-पूजन
  • उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू शुक्रवार शाम को परिवार के साथ ट्रेन से वाराणसी आएंगे
  • काशी विश्वनाथ का दर्शन-पूजन,जाएंगे पं. दीन दयाल उपाध्याय स्मृति स्थल

वाराणसी (रणभेरी): उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू लखनऊ से विशेष ट्रेन से शुक्रवार शाम को अपने परिवार के साथ दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी आएंगे। इस दौरान वह गंगा आरती में शामिल होने के बाद श्रीकाशी विश्वनाथ के दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद वह चंदौली के पड़ाव स्थित पंडित दीन दयाल उपाध्याय स्मृति स्थल जाएंगे। उप राष्ट्रपति की अगवानी के लिए राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक वाराणसी आएंगे।शनिवार को विशेष विमान से वे दिल्ली रवाना हो जाएंगे।

उप राष्ट्रपति अपने परिवार के साथ विशेष ट्रेन से शुक्रवार की शाम को बनारस रेलवे स्टेशन आएंगे। रेलवे स्टेशन से वह बनारस रेल इंजन कारखाना (BLW) के गेस्ट हाउस जाएंगे। BLW से वह दशाश्वमेध घाट पर होने वाली गंगा आरती में शामिल होने जाएंगे। अगले दिन शनिवार को वह श्रीकाशी विश्वनाथ के दरबार में मत्था टेकने के बाद बरेका में दोपहर का भोजन करेंगे। फिर वह पड़ाव स्थित पंडित दीन दयाल उपाध्याय स्मृति स्थल जाएंगे। स्मृति स्थल में उप राष्ट्रपति पंडित दीन दयाल उपाध्याय के जीवन पर आधारित 3D फिल्म देखने के साथ ही संग्रहालय को देखेंगे।

देर शाम बाबतपुर से वे दिल्ली रवाना हो जाएंगे। इससे पहले शुक्रवार को तीन दिवसीय प्रवास पर शुक्रवार को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी काशी आएंगी। शुक्रवार और शनिवार को वे उपराष्ट्रपति के दौरे में साथ रहेंगी। रविवार को वे सामाजिक संगठनों की ओर आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करेंगी। उपराष्ट्रपति के आगमन को लेकर शुक्रवार और शनिवार को यातायात पुलिस कमिश्नरेट की ओर से ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है। निर्धारित मार्गों पर जाने वाले वाहनों को परिवर्तित मार्ग से होकर गुजारा जाएगा। शनिवार को डायवर्जन सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक लागू रहेगा।