UP Election 2022: प्रियंका गांधी ने जारी किया महिला घोषणा पत्र, सरकारी नौकरियों में 40% आरक्षण का वादा

UP Election 2022: प्रियंका गांधी ने जारी किया महिला घोषणा पत्र, सरकारी नौकरियों में 40% आरक्षण का वादा

(रणभेरी): कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने यूपी विधानसभा चुनाव 2022 के लिए महिलाओं के लिए अलग से घोषणा पत्र जारी किया है। बुधवार को लखनऊ में 'शक्ति विधान' नाम से घोषणा पत्र जारी करते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बताया कि महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 40 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा। साथ ही 10 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज की भी सुविधा मिलेगी। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि घोषणापत्र में ये घोषणा की है कि नए सरकारी पदों में आरक्षण प्रावधानों के अनुसार 40% महिलाओं की नियुक्ति होगी। उन्‍होंने कहा कि राजनीति में हम 40% हिस्सेदारी से शुरू कर रहे हैं, हम चाहते हैं कि ये एक दिन 50% बने। कामकाजी महिलाओं के लिए 25 शहरों में सुरक्षित और नवीनतम सुविधाओं वाले छात्रावास बनाए जाएंगे, मनरेगा में महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।

ये रही बड़ी घोषणाएं :

  1. नई सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 40 फीसदी आरक्षण दिया जाएगा।
  2.  आशा बहुओं - और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को न्यूनतम 10 हजार रुपये वेतन दिया जाएगा।
  3. पुलिस विभाग में 25 प्रतिशत महिलाओं को नौकरी दी जाएगी। हर थाने में महिला सिपाही की तैनाती की जाएगी।
  4.  सुरक्षा के विशेष अधिकार प्राप्त छह सदस्यीय आयोग का होगा गठन।
  5.  प्रदेश के 25 शहरों में अत्याधुनिक छात्रावास बनाए जाएंगे।
  6. बीमारी के लिए 10 लाख रुपये तक की इलाज की व्यवस्था होगी।
  7.  राज्य भर में वीरांगनाओं के नाम प 75 दक्षता विद्यालय खोले जाएंगे।
  8.  12वीं पास छात्राओं को स्मार्ट फोन दिया जाएगा व ग्रेजुएट छात्राओं को स्कूटी दी जाएगी।
  9. पुलिस थानों में 25 प्रतिशत इंचार्ज सुनिश्चित किये जाएंगे
  10.  गांवों में महिला चौपाल का निर्माण किया जाएगा।
  11. परिवार में पैदा होने वाली बेटी के लिए एफडी व सांविधिक जमा बनवाया जाएगा।
  12. महिलाओं को सरकारी बसों में फ्री यात्रा की अनुमति।
  13. मनरेगा में महिलाओं को प्राथमिकता देंगे।
  14. हर जिले में महिलाओं की सहायता के लिए तीन सदस्यीय मुफ्त कानूनी सहायता का एलान। सलाह के लिए कमेटी का गठन किया जाएगा।
  15. प्रदेश में नए प्राथमिक व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) खोले जाएंगे साथ ही सभी सीएचसी में महिलाओं के लिए अलग केंद्र खोले जाएंगे।
  16. 50 प्रतिशत महिलाओं को रोजगार देने वाले उद्यम को कर में छूट मिलेगी।