हर्ष-फायरिंग में दो महिलाओं को लगी गोली, अस्पताल में भर्ती

हर्ष-फायरिंग में दो महिलाओं को लगी गोली, अस्पताल में भर्ती

वाराणसी (रणभेरी): सारनाथ के तिलमापुर गांव में शुक्रवार की रात  एक शादी के पहले भत्तवान के दौरान हर्ष फायरिंग में एक युवती और एक वृद्धा घायल हो गईं। इस हर्ष फायरिंग में दो महिलाओं को गोली लग गई। आयुषी मिश्रा (20 वर्ष) और रीना पांडे (70 वर्ष) को पैर में गोली लगी थी, जिसके बाद दोनों लहुलुहान होकर अचेत हो गई।

दोनों महिलाओं के पैर में गोली लगते ही हड़कंप मच गया, कार्यक्रम स्थल पर रिश्तेदारों के बीच अफरा तफरी की स्थिति हो गई। आनन फानन दौड़े पड़ोसियों ने पुलिस और एम्बुलेंस को फोन किया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने दोनों घायल आयुषी मिश्रा और उनकी दादी रीना पांडे को सिंह मेडिकल में भर्ती कराया। कार्यक्रम में फायरिंग करने वाला रिश्तेदार घटनास्थल से फरार हो गया।

रीना पांडे ने बताया कि घर में पोते की शादी थी इसके लिए रिश्तेदार जुटे थे। रात में 11 बजे भात पहनाने का कार्यक्रम चल रहा था और सभी लोग छत पर जुटे थे। इसी दौरान एक रिश्तेदार ने अपनी पिस्टल निकालकर फायरिंग करने लगे, ऊपर ट्रिगर दबाने पर फायर नहीं हुआ तो नीचे पिस्टल लाकर देखने लगे।
इसी दौरान अचानक गोली चल गई और हम दोनों घायल हो गए। पुलिस मामले में अन्य परिजनों से पूछताछ कर रही है, साथ ही फायरिंग करने वाले की तलाश भी की जा रही है। हालांकि अभी तक किसी ने भी मामले की तहरीर नहीं दी है।