बीएचयू में खाना डिलीवर करने वाले ब्वॉय को मिलेगा गोल्ड मेडल

बीएचयू में खाना डिलीवर करने वाले ब्वॉय को मिलेगा गोल्ड मेडल

वाराणसी (रणभेरी): काशी हिंदू विश्वविद्यालय का 102वां दीक्षांत समारोह 10 दिसम्ब, 2022 को स्वतन्त्रता भवन में आयोजित किया जायेगा। दीक्षांत समारोह में वर्ष 2020 हेतु डी-लिट, पीएचडी, एम.फिल, स्नातकोत्तर एवं स्नातक की कुल 11750 उपाधियॉ प्रदान की जायेगी, जबकि 26 पदक प्रदान किये जायेंगे। वर्ष 2021 के लिए कुल 12032 उपाधियॉ एवं 26 पदक प्रदान किये जायेंगे। इसके अलावा वर्ष 2022 में 12050 उपाधियॉ एवं 29 पदक दिए जायेगे।जिसमें प्राचीन इतिहास विषय से एमए में सबसे ज्यादा अंक पाने वाले छात्र अभिषेक यादव को गोल्ड मेडल प्रदान किया जाएगा। अभिषेक यादव एक गरीब परिवार से आते हैं और खुद स्विगी और जोमैटो कंपनियों में डिलीवरी ब्वाय की नौकरी भी करते हैं।

प्राचीन भारतीय इतिहास में गोल्ड मेडलिस्ट बनने पर छात्रों ने अभिषेक यादव को सम्मानित किया। छात्रनेता विवेक सिंह ने बताया कि 'किस प्रकार एक गरीब परिवार से आने वाले युवक ने, जो कि डिलीवरी बॉय का काम करते हुए यहां तक पहुंचा, उन्होंने कैसे ये सफर तय किया। कितनी दिक्कतों का सामना करना पड़ा होगा। कितनी रातें सोए नहीं होंगे। अभिषेक ने महामना के बगिया में जिस प्रकार से संघर्षों के साथ मुकाम हासिल किया है वो आज के युवाओं के लिए प्रेरणादायक हैं। अभिषेक के पिता सुशील कुमार सिंह यादव एक किसान हैं। अभिषेक पढ़ना चाहते थे लेकिन पिता की कमाई इतनी नहीं थी तो अभिषेक ने नौकरी के साथ अपनी पढ़ाई जारी रखी। अभिषेक सुबह से पढ़ाई करने बैठ जाते थे फिर शाम को पांच बजे खाना पहुंचाने जाते थे। इस तरह से अभिषेक ने परिवार की कमान भी संभाली और खुद की पढ़ाई जारी रखते हुए सफलता पाई। 

तीनों शैक्षणिक सत्रों की उपाधियों का वितरण मुख्य समारोह के पश्चात सम्बन्धित संकायो द्वारा किया जायेगा। विश्वविद्यालय के प्रोक्टर प्रो.वी.के. शुक्ला की अध्यक्षता में सम्पन्न दीक्षांत समारोह समितियों के संयोजको की बैठक हुई। बैठक में समारोह की तैयारियो पर चर्चा कर समीक्षा की गयी।