प्रचंड गर्मी की चपेट में पूरा यूपी, इन राज्यों में बारिश से मिलेगी राहत, जानें मौसम का हाल

लखनऊ। नौतपा के बाद पूरे प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर जारी है। मई के उलट जून की गर्मी लोगों को परेशान करने वाली रही। खास बात यह रही कि लू के साथ कई जगह पर उमस का भी सामना करना पड़ा। प्रदेश में प्रचंड गर्मी और लू चलने से जनजीवन अस्त व्यस्त है। तपिश के साथ पूर्वा हवाओं के असर से हो रही उमस से लोग बेहाल हैं। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पश्चिम में दो-तीन दिन लू की परिस्थितियां जारी रहेंगी। बृहस्पतिवार को प्रदेश के पूर्वांचल व अन्य हिस्सों में गरज चमक के साथ बूंदाबांदी के संकेत हैं।
मौसम विभाग की ओर से बृहस्पतिवार को गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, मथुरा, आगरा, झांसी में लू के लिए आॅरेज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं बागपत, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, हाथरस, एटा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, ललितपुर में लू के लिए येलो अलर्ट है। पश्चिमी-तराई के नजीबाबाद, मुजफ्फरनगर जैसे कुछ जिलों में दिन में लू चलने के साथ उष्ण रात्रि की संभावना है। यानी यहां रात सामान्य से ज्यादा गर्म रहेगी ।
बुधवार को बुंदेलखंड, आगरा मंडल और दिल्ली एनसीआर के जिले प्रचंड गर्मी की चपेट में रहे। झांसी और आगरा में तापमान 45 डिग्री के आसपास रहा। वहीं प्रयागराज, उरई, वाराणसी, सुल्तानपुर में भी तपिश और गर्म हवा के थपेड़ों से लोग बेहाल रहे।
इन जिलों के लिए यलो अलर्ट
बागपत, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, हाथरस, एटा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, ललितपुर में लू के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिमी-तराई के नजीबाबाद, मुजफ्फरनगर जैसे कुछ जिलों में दिन में लू चलने के साथ रातें उमस भरी रहने की संभावना है।
पूर्वांचल में बदल सकता है मौसम
पश्चिमी यूपी में दो से तीन दिन लू की परिस्थितियां जारी रहेंगी। वहीं बृहस्पतिवार को पूर्वांचल व अन्य हिस्सों में गरज चमक के साथ बूंदाबांदी के संकेत हैं।- अतुल कुमार सिंह, वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक
प्रदेश के सबसे गर्म जिले
आगरा- 45.4
उरई- 45.2
बांदा- 44.8
झांसी- 44.7
प्रयागराज 43.8
सुल्तानपुर- 43.5
कानपुर 43.4
वाराणसी- 43.3
इटावा- 43.2
हमीरपुर- 43.2