पर्यटन को सुरसरि के सुरम्य तट पर अलग अहसास कराएंगे बनारस के घाट

पर्यटन को सुरसरि के सुरम्य तट पर अलग अहसास कराएंगे बनारस के घाट

वाराणसी (रणभेरी): प्राचीनता में नवीनता के समन्वय के साथ गंगा के यह खूबसूरत घाट देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को अब अलग अंदाज कराएगा,संत रविदास घाट से खिड़किया घाट के बीच घाटों को नए कलेवर में ढाला जा रहा है। स्मार्ट सिटी, पर्यटन विभाग और काशी विश्वनाथ विशिष्ट क्षेत्र विकास परिषद अलग-अलग घाटों पर निर्माण कार्य करा रहे हैं। 

मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल ने कहा कि  घाटों के सुंदरीकरण का काम चल रहा है। यहां पर्यटन सुविधाओं के साथ घाटों को प्राचीनता के साथ नवीन स्वरूप दिया जा रहा है। एक साल के अंदर इनका नया स्वरूप जनता को नजर आएगा। काशी विश्वनाथ धाम का प्रवेश द्वार जलासेन घाट की भव्यता बढ़ाएगा। जलमार्ग से यात्रियों के बाबा के दर्शन पूजन की सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। घाट पर रैंप, प्रवेश द्वार के अलावा आरती के लिए मंच तैयार कराया जा रहा है। 

 खिड़किया घाट धार्मिक पर्यटन के अनुसार विकसित किया जा रहा है। खिड़किया घाट को पर्यटन के लिहाज से क्रूज व हैलीकाप्टर के संचालन का नया केंद्र बनाया जा रहा है। सीएनजी स्टेशन निर्माण के बाद अब यहीं से क्रूज के संचालन की कार्ययोजना तैयार की जा रही है। घाट पर फूड प्लाजा, हैंडीक्राफ्ट मार्केट का निर्माण किया जा रहा है। इसके साथ ही खिड़किया घाट पर अगले चरण में हैलीपैड का निर्माण किया जा रहा। संत रविदास घाट पर्यटन के नए केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है। स्मार्ट सिटी और पर्यटन विभाग के सहयोग से जहां गंगा गैलरी बनाई जाएगी वहीं पर्यटकों के लिए सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। जल्द ही जिला प्रशासन रविदास घाट पर ढाई एकड़ जमीन का अधिग्रहण करेगा।