युवक का खेत में मिला शव, शरीर पर धारदार हथियार से वार करने के निशान मिले

रायबरेली। यूपी के रायबरेली में ससुराल आए युवक का शव सोमवार को खेत में पड़ा मिला। शरीर पर धारदार हथियार से वार करने के निशान मिले हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करके जानकारी जुटाई। मामले की जांच की जा रही है। मामला शिवगढ़ थाना क्षेत्र के भवानीगढ़ के मालिन का पुरवा गांव का है। यहां मूल रूप से महाराजगंज कोतवाली क्षेत्र के गरीब का पुरवा गांव निवासी मनीष (38) पुत्र रज्जन सैनी की ससुराल है। वह रविवार को रामनवमी पर पत्नी और बच्चों के साथ आया था। बताया गया कि गांव में भंडारा था। उसी में शामिल होने के लिए वह घर से निकला था। देर रात तक वह घर नहीं लौटा। सोमवार की सुबह परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। तलाश के दौरान उसका शव खेत में पड़ा मिला। उसके शरीर पर धारदार हथियार से वार करने के निशान थे। जानकारी मिली तो एसपी डॉ यशवीर सिंह, एएसपी संजीव कुमार सिन्हा और थानाध्यक्ष विंध्य विनय घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी ली। एएसपी संजीव कुमार सिन्हा ने बताया कि धारदार हथियार से वार करने की आशंका जताई जा रही है। घटना के खुलासे के लिए टीम लगाई गई है।