गुजरात में सागर नमक फैक्ट्री की दीवार ढही: मलबे में दबकर 12 मजदूरों की मौत, पीएम मोदी ने जताया दुख

गुजरात में सागर नमक फैक्ट्री की दीवार ढही: मलबे में दबकर 12 मजदूरों की मौत, पीएम मोदी ने जताया दुख

(रणभेरी): गुजरात के मोरबी के जिले के हलवद में एक नमक कारखाने की दीवार गिरने से पांच महिलाओं समेत 12 मजदूरों की मौत हो गई है। दीवार के मलबे में करीब 30 मजदूर दब गए थे। मृतकों और घायलों को जेसीबी मशीन की मदद से निकाला गया। घायलों को शहर के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है। घायलों में कईयों की हालत गंभीर है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका व्यक्त की जा रही है।

यह घटना दोपहर करीब 12 बजे की है, सागर साल्ट फैक्टरी में हुई। गुजरात के श्रम व रोजगार मंत्री तथा स्थानीय विधायक ब्रजेश मेरजा ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा है कि सरकार हताहतों के परिवारों के साथ है। उन्होंने कहा कि कम से कम 12 श्रमिकों की मौत हुई है। मलबे में कुछ लोग दबे हो सकते हैं, उनके बचाव का काम जारी है। पीएम नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताया है।पीएम ने कहा कि यह हृदय विदारक घटना है। दुख की इस घड़ी में वह शोकाकुल परिवारों के साथ हैं। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उधर, पीएमओ ने कहा कि मृतकों के आश्रितों को प्रधानमंत्री राहत कोष से 2-2 लाख की सहायता दी जाएगी और घायलों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी हादसे पर दुख जताया है। गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल ने सीएम राहत कोष से मृतकों के आश्रितों को 4-4 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की है। पटेल ने मोरबी के कलेक्टर व अन्य अधिकारियों को तत्काल राहत व बचाव के निर्देश दिए हैं।