अधीर रंजन की टिप्पणी को लेकर मायावती ने कहा- राष्ट्रपति को 'राष्ट्रपत्नी' कहना बेहद शर्मनाक, 'कांग्रेस देश से मांगे माफी-

अधीर रंजन की टिप्पणी को लेकर मायावती ने कहा- राष्ट्रपति को 'राष्ट्रपत्नी' कहना बेहद शर्मनाक, 'कांग्रेस देश से मांगे माफी-

(रणभेरी): कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी महाहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को 'राष्ट्रपत्नी' बोलने पर बुरी तरह घिर गए हैं। भाजपा ने इसे मुद्दा बना लिया और कांग्रेस पर हमलावर हो गई है। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि इसके लिए कांग्रेस को पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए। इधर, बसपा प्रमुख मायावती ने भी अधीर रंजन चौधरी की टिप्पणी को शर्मनाक और निंदनीय करार दिया है। मायावती ने भी इस टिप्पणी को लेकर कांग्रेस से देश से माफी मांगने की मांग की है।

मायावती ने इस मुद्दे पर गुरुवार को ट्वीट किया, ''भारत के सर्वोच्च राष्ट्रपति पद पर आदिवासी समाज की पहली महिला के रूप में द्रौपदी मुर्मू जी का शानदार निर्वाचन बहुत लोगों को पसंद नहीं। इसी क्रम में लोकसभा में कांग्रेस के नेता श्री अधीर रंजन चौधरी द्वारा उनके खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करना अति-दुःखद, शर्मनाक व अति-निन्दनीय। अर्थात इनके द्वारा माननीया राष्ट्रपति जी को टीवी पर 'राष्ट्रपत्नी' कहने का विरोध करते हुए संसद की कार्यवाही भी आज बाधित हुई है। उचित होगा कि कांग्रेस पार्टी भी इसके लिए देश से माफी मांगे तथा अपनी जातिवादी मानसिकता का परित्याग करे।''