राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने संगम में लगाई आस्था की डुबकी, सूर्य को अर्घ्य दिया, बड़े हनुमान मंदिर में किए दर्शन

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने संगम में लगाई आस्था की डुबकी, सूर्य को अर्घ्य दिया, बड़े हनुमान मंदिर में किए दर्शन

महाकुंभ (रणभेरी): तीर्थराज की पावन धरा पर सोमवार को देश की प्रथम नागरिक राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने पहुंचकर संगम में आस्था की डुबकी लगाई। भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया। स्नान से पहले मां गंगा को पुष्प अर्पित किए। मंत्रोच्चार के बीच गंगा पूजन और आरती की।

इसके बाद राष्ट्रपति लेटे हनुमान मंदिर पहुंचीं और आरती की, फिर अक्षयवट धाम पहुंची और दर्शन-पूजन किया। राष्ट्रपति के साथ राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और सीएम योगी भी हैं। राष्ट्रपति का हेलिकॉप्टर सोमवार सुबह साढ़े 9 बजे बमरौली एयरपोर्ट पर लैंड हुआ। यहां राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और सीएम योगी ने स्वागत किया। 

राष्ट्रपति का यह दौरा न केवल प्रयागराज के लिए ऐतिहासिक है, बल्कि देशभर के श्रद्धालुओं के लिए भी एक प्रेरणादायी क्षण है। उनकी उपस्थिति से महाकुंभ के धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व को एक नई ऊंचाई मिल रही है। राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए प्रयागराज में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। बता दें कि इससे पहले भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ.राजेंद्र प्रसाद ने भी महाकुंभ में पावन स्नान किया था।

महाकुंभ का आज 29वां दिन है। 13 जनवरी से अब तक 43.57 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालु स्नान कर चुके हैं। आज दोपहर 2 बजे तक 92.97 लाख लोग स्नान कर चुके हैं। उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भी परिवार के साथ संगम में डुबकी लगाई। भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया।

प्रयागराज शहर में जबरदस्त भीड़ है। इसे देखते हुए अरैल घाट से संगम तक बोट बंद की गई है। इसके अलावा, संगम स्टेशन को 14 फरवरी तक बंद कर दिया गया है। प्रयागराज जंक्शन पर भीड़ को मैनेज करने के लिए इमरजेंसी क्राउड मैनेजमेंट प्लान लागू किया गया है। ​