उफ्फ! ये सर्दी... कोहरे और नम हवाओ ने बढ़ाई गलन

उफ्फ! ये सर्दी... कोहरे और नम हवाओ ने बढ़ाई गलन
  • कैलेंडर बदलते ही तेजी से बदला मौसम का मिजाज, इंसानों से लेकर जानवरों तक ठिठुरे
  • अधिकतम तापमान में छह डिग्री सेल्सियस की कमी की गई दर्ज

वाराणसी (रणभेरी): कैलेंडर बदलते ही मौसम ने ऐसा रूप दिखाया कि इंसानों से लेकर जानवरों तक को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया। वाराणसी समेत आसापस के जिले लगातार दूसरे दिन सोमवार को भी कोहरे की जद में रहे। इस गलन भरी ठंड से गरीबों, मरीजों व बुजुर्गों की परेशानियां बढ़ गईं हैं। उत्तर पश्चिमी नम हवाओं के चलने के बाद अब शीतलहर शुरू होने से गलन पहले से ज्यादा बढ़ गई। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, आने वाले दिनों में अभी ठंड और बढ़ेगी। मौसम में बदलाव के कारण तापमान में भी कमी दर्ज की गई। इसका असर आम जन जीवन पर भी देखने को मिला। जहां ट्रेनों की रफ्तार कम हो गई, वहीं मौसम में खराबी के कारण कई विमानों को डायवर्ट करना पड़ा। पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में छह डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। अधिकतम तापमान रिकॉर्ड तोड़ते हुए महज 15 डिग्री सेल्सियस पर सिमट गया। सोमवार को न्यूनतम तापमान 08 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिक एसएन पांडेय ने बताया कि देश में कई जगहों पर शीतलहर का प्रकोप है। पहाड़ों पर बर्फबारी भी हो रही है। उसी के असर से मैदानी भागों में भी शीतलहर शुरू हो गई है। अभी तीन-चार जनवरी तक ऐसे ही मौसम रहने की संभावना है।

सेहत के प्रति सावधानी जरूरी

मौसम को देखते हुए सेहत के प्रति विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। चिकित्सकों के अनुसार ऐसे समय में जरा सी लापरवाही सेहत पर भारी पड़ सकती है। पहले से बीमार लोगों के साथ ही बच्चों, बुजुर्गों की सेहत पर अधिक ध्यान देने की जरूरत है। दीनदयाल अस्पताल के फिजिशियन डॉ. पीके सिंह का कहना है कि इस मौसम में सर्दी, खांसी, जुकाम के साथ ही बुखार, पेट संबंधी बीमारी की संभावना अधिक रहती है। मंडलीय अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सीपी गुप्ता का कहना है कि ओपीडी में इस समय ठंड लगने से उल्टी, दस्त, सर्दी, जुकाम वाले बच्चे अधिक आ रहे हैं। अभिभावकों को बच्चों के सही खानपान और साफ-सफाई पर ध्यान देने की जरूरत है। 

स्कूल में 04 जनवरी तक अवकाश

शीतलहर को देखते हुए कक्षा 1 से 8वीं तक के स्कूलों को 4 जनवरी तक बंद कर दिया गया। डीएम एस. राजलिंगम ने ये आदेश दिया। उन्होंने कहा कि अगले 3 दिनों तक वाराणसी के सभी जूनियर हाईस्कूल बंद रहेंगे। साथ में आंगनबाड़ी केंद्र भी 4 जनवरी तक बंद रहेगा। डीएम का यह आदेश सभी प्राथमिक स्कूल, सीबीएसई बोर्ड, आईसीएसई बोर्ड और मदरसा बोर्ड पर लागू किया गया है।