नवरात्रि के दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी के दर्शन के लिए भक्तों का लगा तांता, शेरावाली के जयकारों से गूंजा मां का दरबार

वाराणसी (रणभेरी): चैत्र नवरात्रिि का आज दूसरा दिन हैं। आज के दिन मां ब्रह्मचारिणी की उपासना का विशेष महत्व है। काशी के गंगा किनारे स्थित बालाजी घाट पर स्थित मां ब्रह्मचारिणी के मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। मंगला आरती के साथ ही मंदिर के द्वार भक्तों के लिए खोल दिए गए, जहां श्रद्धालु मां के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त कर रहे पूरा मंदिर मां शेरावाली के जयकारों से गूंज रहा है। भक्त अपनी मनोकामना लेकर मां के दरबार आए हैं। लंबी कतारों में लगकर माता ब्रह्मचारिणी के दर्शन का इंतजार कर रहे हैं।
मंदिर के महंत ने कहा - चैत्र नवरात्रिि के दूसरे दिन माता ब्रह्मचारिणी के दर्शन का विधान है। भगवती ब्रह्मचारिणी दुर्गा शक्ति के उपासना से आज विशेष फायदा होगा। जो भी बच्चा पढ़ने में कमजोर है वो भगवती ब्रह्मचारिणी की रोज आराधना करे, समस्या दूर होगी। मंत्र का जप करे, भगवती कल्याण करेंगी। नंबर अच्छे आएंगे। सर्विस अच्छी लग जाएगी। भगवती की कृपा से इंसान स्वस्थ, सुंदर और खुश भी रहता है।
भक्त ने कहा, "घर में सभी सुख-समृद्धि से रहे। सारे कष्ट मिटे, इसलिए माता के ब्रह्मचारिणी के दर पर आए हैं। हमारे घर-परिवार पर माता अपना आशीर्वाद बनाए रखे। लल्लापुरा से आए अचल श्रीवास्तव ने कहा, ब्रह्मचारिणी देवी हर मनोकामना पूरा करती हैं।