पिस्टल के बल पर छात्रा से की छेड़खानी, पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज

 पिस्टल के बल पर छात्रा से की छेड़खानी, पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज

एकतरफा प्यार में दीवानगी की हदें पार करने वाले छेड़खानी के आरोपी युवक की पिस्टल के साथ फोटो इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है। आरोपी विभिन्न तरीके से पिस्टल दिखा कर पीड़ित परिवार को धमका रहा है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस फरार युवक को गिरफ्तार करने में लगी है

गोरखपुर। नगर के एक वार्ड की रहने वाली हाईस्कूल की छात्रा के साथ पिस्टल के बल पर छेड़खानी करने का मामला प्रकाश में आया है। एकतरफा प्यार में पागल युवक ने किशोरी से प्यार कबूल नहीं करने पर उसे व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी है। इससे परेशान छात्रा पढ़ाई छोड़ घर पर ही रह रही है। शिकायत पर पुलिस ने बुधवार को आरोपी युवक पर छेड़खानी, जान से मारने की धमकी और पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की है। केस दर्ज होने के बाद आरोपी फरार है। पुलिस उसके घर दबिश दे रही है। भटनी नगर के वार्ड-11 निवासी हाईस्कूल की एक छात्रा ने मनचले की सरेराह छेड़खानी से परेशान होकर पढ़ाई छोड़ दी है। उसने पुलिस से शिकायती पत्र में बताया कि हतवा वार्ड का रहने वाला एक युवक एक माह से छेड़खानी कर रहा है।

एक सप्ताह पूर्व उसने कोचिंग जाते समय रास्ते में घेर कर पिस्टल के बल पर छेड़छाड़ की। साथ ही प्यार कबूल नहीं करने पर छात्रा और उसके परिजनों को गोली मारने की धमकी दे डाली। पहले तो किशोरी ने डर के मारे इसके बारे में किसी को नहीं बताया, लेकिन बाद में युवक की हरकतें बढ़ने और अश्लील फोटो शेयर करने पर छात्रा ने पढ़ाई छोड़ इसकी जानकारी अपने मामा को दी। बता दें कि छात्रा पिता की मौत के बाद अपने मामा के घर रहकर पढ़ाई करती है। हालांकि मामा की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक पर छेड़खानी, जान से मारने की धमकी और पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की है।

छेड़खानी के आरोपी युवक का पिस्टल के साथ फोटो वायरल
एकतरफा प्यार में दीवानगी की हदें पार करने वाले छेड़खानी के आरोपी युवक की पिस्टल के साथ फोटो इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है। आरोपी विभिन्न तरीके से पिस्टल दिखा कर पीड़ित परिवार को धमका रहा है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस फरार युवक को गिरफ्तार करने में लगी है।
क्षेत्राधिकारी भाटपाररानी शिव प्रताप सिंह ने बताया कि छात्रा के साथ छेड़खानी करने वाले युवक के विरुद्ध छेड़छाड़, जान से मारने की धमकी व पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। इसके अलावा पिस्टल के साथ वायरल फोटो की भी जांच चल रही है।