92 साल की उम्र में 'मन'हुए मौन, 7 दिन का राष्ट्रीय शोक
![92 साल की उम्र में 'मन'हुए मौन, 7 दिन का राष्ट्रीय शोक](https://ranbheri.co.in/uploads/images/image_750x_676e32a4a32d9.jpg)
नई दिल्ली (रणभेरी): भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह 26 दिसंबर गुरुवार रात को निधन हो गया। वे 92 साल के थे। पूर्व पीएम लंबे समय से बीमार थे। घर पर बेहोश होने के बाद उन्हें रात 8:06 बजे दिल्ली AIIMS लाया गया था। उन्हें इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया था, जहां रात 9:51 बजे उन्होंने आखिरी सांस ली। अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। मनमोहन सिंह प्रखर अर्थशास्त्री थे। 1991 में देश में शुरू किए गए आर्थिक उदारीकरण के वे शिल्पकार रहे। 2004 से 2014 तक वे प्रधानमंत्री रहे। उनके निधन से देशभर में शोक की लहर है। उनके निधन पर प्रधानमंत्री मोदी, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत तमाम नेताओं ने श्रद्धांजलि देते हुए शोक जताया है। मनमोहन सिंह के निधन की खबर को विदेशी मीडिया ने भी प्रमुखता से जगह दी है।
मनमोहन सिंह के निधन के चलते केंद्र सरकार ने 7 दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है। सुबह 11 बजे कैबिनेट मीटिंग बुलाई गई है। साथ ही शुक्रवार को होने वाले सभी कार्यक्रम कैंसिल कर दिए गए हैं। राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे बेलगावी से देर रात दिल्ली पहुंचने के बाद सीधे मनमोहन सिंह के आवास गए थे। राहुल ने X पर लिखा- मैंने अपना मार्गदर्शक और गुरु खो दिया। इस बीच, कर्नाटक के बेलगावी में चल रही कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) मीटिंग रद्द कर दी गई। कांग्रेस स्थापना दिवस से जुड़े आयोजन भी कैंसिल हो गए हैं। पार्टी के इवेंट 3 जनवरी के बाद शुरू होंगे। मनमोहन का पार्थिव शरीर कल कांग्रेस मुख्यालय में रखा जाएगा, जहां आम लोग उन्हें श्रद्धांजलि देंगे। राजघाट के पास उनका अंतिम संस्कार होगा।