इस्तीफा देने के 2 दिन बाद फिर महामंडलेश्वर बनीं ममता कुलकर्णी

महाकुंभ (रणभेरी): ममता कुलकर्णी 2 दिन बाद फिर किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर बन गईं। 13 फरवरी को उन्होंने अपना इस्तीफा वापस ले लिया है। उन्होंने वीडियो जारी करते हुए कहा, उनकी गुरु डॉक्टर लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी ने इस्तीफा स्वीकार नहीं किया।ममता ने 2 दिन पहले 10 फरवरी को इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट कर महामंडलेश्वर पद छोड़ने की घोषणा की थी।
उन्होंने कहा कि किन्नर अखाड़े में लोग आपस में झगड़ रहे हैं। इससे दुखी हूं। मैं 25 साल से साध्वी हूं, आगे भी साध्वी रहूंगी।प्रयागराज महाकुंभ में 24 जनवरी को ममता को महामंडलेश्वर बनाया गया था। अखाड़े की आचार्य महामंडलेश्वर डॉक्टर लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी ने उनका पिंडदान और पट्टाभिषेक करवाया था। ममता को नया नाम श्रीयामाई ममता नंद गिरि मिला था। करीब 7 दिन तक वह महाकुंभ में रहीं। उन्होंने कहा कि आगे चलकर वह अपना जीवन किन्नर अखाड़ा और सनातन धर्म के लिए समर्पित करेंगी।