महाराष्ट्र पुलिस ने 'धीरेंद्र शास्त्री' को दी चेतावनी, कहा-कोई विवादित बयान न दें

महाराष्ट्र पुलिस ने 'धीरेंद्र शास्त्री' को दी चेतावनी, कहा-कोई विवादित बयान न दें

(रणभेरी): बागेश्वर धाम सरकार, धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का शनिवार को मुंबई के मीरा रोड इलाके में एक दिव्य दरबार सजाया गया। इस दरबार में लाखों की संख्या में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के अनुयायी उन्हें सुनने पहुंचे थे। इस बीच, आयोजकों को महाराष्ट्र पुलिस ने CrPC-149 का नोटिस पकड़ा दिया है। चेतावनी भी दी है कि कार्यक्रम के आयोजक इस बात का ख्याल रखें कि कार्यक्रम के दौरान बागेश्वर धाम के प्रमुख पं. धीरेंद्र शास्त्री कोई विवादित बयान न दें। जिससे कानून व्यवस्था खराब हो और लोगों की भावना आहत हो, इसका भी ख्याल आयोजकों को रखना होगा।' पं. धीरेंद्र शास्त्री के कार्यक्रम का कई संगठन विरोध कर रहे हैं। राजनीतिक दलों ने भी इस आयोजन के खिलाफ पुलिस को चिट्ठी लिखी है। एनसीपी विधायक और राज्य के पूर्व मंत्री जितेंद्र आव्हाड ने एक ट्वीट में कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि संत तुकाराम महाराज का अपमान करने वाले का प्रवचन महाराष्ट्र में हो रहा है। महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रमुख नाना पटोले ने भी निशाना साधा। उन्होंने राज्य सरकार को पत्र लिखकर आग्रह किया था कि धार्मिक नेता को राज्य में प्रवेश करने की अनुमति न दी जाए। कांग्रेस नेता ने उन पर तुकाराम महाराज का अपमान करने और उनके लाखों भक्तों को नाराज करने का आरोप लगाया। शनिवार को अपने कार्यक्रम के दौरान बागेश्वर धाम प्रमुख पं. धीरेंद्र शास्त्री ने विरोध करने वालों पर निशाना साधा। कहा कि धर्म का विरोध करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा, 'पूरे भारत को भगवान राम का भरत बनाया जाएगा। मुझे पता है कि वे मुझे नहीं छोड़ेंगे, लेकिन हम उन्हें भी नहीं छोड़ेंगे।'