खूब झमाझम काशी बम-बम

खूब झमाझम काशी बम-बम

सुबह डेढ़ घंटे तक हुई जोरदार बारिश से शहर की सड़के लबालब, घंटो जाम में फंसे रहे लोग 

नाला-नाली सफाई की खुली पोल, भारी जलजमाव में डूब गए नगर निगम के थोथे दावे सड़को पर भरा पानी 

वाराणसी (रणभेरी सं.)। शुक्रवार की सुबह लगभग आठ बजे शुरू हुई बारिश ने शहर को पानी से लबालब कर दिया। करीब ढेढ़ घंटे तक तेज बारिश के चलते शहर की सड़कों पर घुटने भर पानी भर गया और तालाब जैसा नजारा दिखा। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो अगले कुछ दिनों तक मौसम ऐसा ही रहेगा। दुर्व्यवस्था को लेकर लोग नगर निगम प्रशासन को कोसते नजर आए। 

मौसम विभाग ने वाराणसी समेत यूपी के कई जिलों में शुक्रवार को बारिश का अलर्ट जारी किया था। सुबह-सुबह झमाझम बारिश हुई। लगभग एक घंटे तक बारिश के बाद शहर में जलनिकासी की व्यवस्था की पोल खुल गई। सड़कों से लेकर गलियों तक पानी भर गया। इससे दो पहिया-चार पहिया वाहन सवारों को आवागमन करने में दिक्कत हुई। स्थानीय निवासियों और दुकानदारों को भी परेशानी हुई। कैंट स्टेशन के बाहर भी पानी भर गया। इससे यात्रियों को फजीहत हुई। 

बोले कांवड़िया: कांवड़िया अमित और सरोज ने कहा कि कैंट स्टेशन पर जलजमाव से परेशानी बढ़ गई है। इससे आने-जाने में दिक्कत हो रही है। चालक विजय गुप्ता ने कहा कि जलजमाव के चलते आमजन को समस्या हो रही है। वहीं गाड़ी पार्क करने में चालकों को भी परेशानी हो रही है। कहा कि सफाई नहीं कराई जाती है। इससे बारिश में स्थिति और खराब हो जाती है।

झमाझम बारिश ने खोली नगर निगम की पोल: वाराणसी में सुबह से हुई से हुई मूसलाधार बारिश ने शहर की तस्वीर को बदल दिया। गलियों में पानी भर गया, जिससे लोगों को आने-जाने में काफी समस्या होने लगी। लोगों ने नगर निगम के दावों को भी फेल बताया। लोगों का कहना है की अभी तो हल्की बारिश में यह स्थिति है, अगर कहीं तेज बारिश हुई तो शहर डूब ही जाएगा। 

सुंदरपुर में बारिश से गिरी दीवार, एक को लगी गंभीर चोट: सुंदरपुर स्थित तरिया गली में उस समय अफरातफरी का माहौल हो गया जब बारिश के खत्म होती ही दीवार भरभरा गिर गया। जिससे 1 व्यक्ति को गंभीर चोट लग गई वहीं 2-3 लोग हल्की फुल्की चोट लगी। गरिमत रहा की कोई दीवार के नीचे नहीं आया। सबसे अधिक चोट निहाल को आई उनको स्थानीय लोगों ने तुरंत ट्रामा सेंटर भेज दिया। घटना सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि गली में हमेशा पानी भरा रहता है। इस कारण दीवार कमजोर हो  गई है।