Lakhimpur Case: सामूहिक दुष्कर्म के बाद की गई थी बहनों की हत्या, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ खुलासा

Lakhimpur Case: सामूहिक दुष्कर्म के बाद की गई थी बहनों की हत्या, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ खुलासा

(रणभेरी): लखीमपुर खीरी जिले के थाना निघासन क्षेत्र में बुधवार की देर शाम जिन दो सगी बहनों के शव संदिग्ध हालात में खैर के पेड़ से लटकते मिले थे, उनकी रस्सी से गला कस कर हत्या की गई थी। उनके साथ सामूहिक दुष्कर्म भी किया गया था। इसकी पुष्टि गुरुवार को उनके शवों के पोस्टमार्टम के बाद हुई है।जिला मुख्यालय पर डा. राजेंद्र, डा. ओवैस अहमद और डा. अर्चना के पैनल ने दोनों शवों के पोस्टमार्टम किए। इस दौरान वीडियोग्राफी भी कराई गई। पोस्टमार्टम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर भारी पुलिस बल मौजूद रहा। एसपी संजीव सुमन और एडिशनल एसपी अरुण कुमार समेत कई सीओ और इंस्पेक्टर पूरे समय मौजूद रहे।फिलहाल दोनों बहनों के शवों को परिजनों को सौंप दिया है। शवों को एबुलेंस से गांव में पहुंचा दिया गया है। अब पुलिस मुकदमे में धाराएं बढ़ा सकती है। एससी-एसटी एक्ट की धाराएं मुकदमे में बढ़ाई जा सकती है। 

घटना से गुस्साए परिजनों ने ग्रामीणों के साथ सदर चौराहे पर जाम लगा दिया। आईजी रेंज लक्ष्मी सिंह ने आरोपियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब रात करीब 11 बजे जाम खत्म किया गया। तीन आरोपी दूसरे समुदाय के बताए जा रहे हैं। मां के मुताबिक, चारों आरोपी अचानक घर में घुस आए।हाथापाई करते हुए वे लोग उनकी 17 और 14 वर्षीय दो बेटियों को उठाकर ले जाने लगे। रोकने पर एक आरोपी ने मां को धक्का देकर गिरा दिया। अन्य आरोपी दोनों बहनों को जबरन बाइक पर लादकर गांव से बाहर भाग गए। इसके बाद आरोपियों की तलाश शुरू की गई। करीब एक घंटे बाद इसी गांव के ही एक खेत में दोनों बहनों के शव खैर के पेड़ से लटके मिले। बड़ी बहन का शव ऊपर, जबकि छोटी बहन का शव नीचे लटका था। छोटी बहन के घुटने जमीन पर टिके थे। बड़ी बहन हाईस्कूल और छोटी आठवीं में पढ़ती थी। दो बहनों की मौत मामले में गुरुवार को पुलिस ने प्रेस कांफ्रेंस कर खुलासा किया। पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन ने बताया कि दुष्कर्म के बाद हत्या की घटना को कुल छह लोगों ने अंजाम दिया। नामजद छोटू सहित छह आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। आरोपियों की पहचान छोटू, सुहेल, जुनैद, हफीजुल्लाह, करीमुद्दीन, आरिफ के रूप में हुई है। पुलिस ने एक अभियुक्त जुनैद को झंडी चौकी क्षेत्र में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है, जुनैद के पैर में गोली लगी है। दोनों लड़कियों का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने पॉक्सो और संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। जानकारी के मुताबिक पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में लिया है।

एसपी के मुताबिक, आरोपी लड़कियों को बहला-फुसला खेत में ले गए थे। सभी आरोपी आपस में दोस्त हैं। मुख्य आरोपी छोटे मौके पर मौजूद नहीं था। सुहेल और जुनैद ने पूछताछ में दुष्कर्म की बात कबूल की है। मुख्य साजिशकर्ता गांव के छोटू ने ही किशोरियों से इनकी दोस्ती कराई थी। लेकिन बुधवार को आरोपी बहला फुसलाकर दोनों लड़कियों को खेत में ले गए और वहां दुष्कर्म किया। इसके बाद दुपट्टे से गला दबाकर हत्या कर दी। फिर शवों को फंदे से लटका दिया।