बिजली-पानी को तरस गई काशी, बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन, चक्का जाम

बिजली-पानी को तरस गई काशी, बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन, चक्का जाम

वाराणसी (रणभेरी): बिजली कटौती से जनता की सब्र बाधा टूटती नजर आ रही है। कटौती के खिलाफ वाराणसी में जगह-जगह पर चक्काजाम और प्रदर्शन किया जा रहा है। वही 61 घंटे से बिजली कर्मियों की हड़ताल जारी है। इससे शहर में अब हालात यह हैं कि जनता आपस में  ही मशक्कत और संघर्ष करने को मजबूर हो गई है। पानी और मोबाइल चार्जिंग को तरस रहे लोग अब सड़कों पर उतरकर चक्का जाम कर रहे हैं। स्थानीय लोग यात्रियों और राहगीरों का रास्ता रोक रहे हैं। वाराणसी में आम जन-जीवन प्रभावित है। वहीं, बिजली न होने से अब ई-रिक्शा भी सड़कों से गायब हो गए हैं। ई-रिक्शा चार्ज नहीं हो पा रहे हैं, जहां-तहां खड़े दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, CNG और पेट्रोल से चलने वाले ऑटो चल रहे हैं।

अस्सी क्षेत्र में घनी आबादी वाले स्थित भदैनी उपकेंद्र के बहार बिजली आपूर्ति ना होने से आक्रोशित लोगों ने चक्का जाम कर दिया। सड़क पर बांस बल्ली लगाकर धरने पर बैठे लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। स्थानीय लोगों के चक्का जाम की सूचना पर मौके पर पुलिस प्रशासन की टीम पहुंचकर लोगों को समझाने में जुटी है। प्रदर्शन करने वाले लोगो का आरोप है कि बिजली न आने से भोजन बनाने और नहाने के  साथ पीने का पानी तक उपलब्ध नही हो पा रहा है। जनता विद्युत कर्मचारियों के हड़ताल के बाद से परेशान हो गई है। विभाग और कर्मचारियों के विवाद में आम जनता परेशान है।लोगो ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि घर पर बच्चे बूढ़े महिलाएं सभी लोग परेशान हो रहे हैं। यदि ऐसी ही स्थिति रही तो लोगो का जीवन बद से बदतर होने वाला है।