आगरा में करणी सेना की 'स्वाभिमान रैली' आज, 80 हजार कार्यकर्ता इकट्ठा, PAC और भारी पुलिस फोर्स तैनात

(रणभेरी): उत्तर प्रदेश के आगरा में आज शनिवार को करणी सेना की प्रस्तावित ‘स्वाभिमान रैली’ निकली है। राणा सांगा जयंती पर आयोजित यह जनसभा एतमादपुर क्षेत्र के गढ़ी रामी गांव में हो रही है। इसमें शामिल होने के लिए शुक्रवार रात से ही अलग-अलग जिले और शहरों से लोग शामिल हुए हैं। उत्तर प्रदेश के अलावा हरियाणा, राजस्थान और गुजरात से कार्यकर्ता आए हैं। संभावना है कि कार्यकर्ताओं की संख्या 3 लाख पहुंच सकती है।
इसे रक्त स्वाभिमान सम्मेलन नाम दिया गया है। ये कार्यकर्ता आगरा के गढ़ी रामी में 50 बीघे में पंडाल में इकट्ठा हुए। कार्यक्रम स्थल पर पुलिस भी पहुंची, जिसे देखकर करणी सेना के कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए। उन्होंने पुलिसकर्मियों को घेर लिया और तलवारें-डंडे लहराने लगे। हालात बिगड़ते देख पुलिस को आयोजन स्थल से बाहर जाना पड़ा।
ये कार्यकर्ता राणा सांगा पर बयान देने वाले सपा सांसद रामजी सुमन के घर कूच कर सकते हैं। इसके लिए पुलिस ने 500 जगहों पर बैरिकेडिंग की है। सड़कों पर पत्थर के बड़े-बड़े बोल्डर रखे गए हैं। 10 हजार PAC और पुलिस के जवान तैनात हैं। ड्रोन से निगरानी की जा रही है। रामजी सुमन घर पर हैं। उनके आवास को छावनी में तब्दील कर दिया है। 1000 पुलिस जवान तैनात हैं। एक किमी का इलाका सील है। मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं। सपा सांसद ने भी अपनी पर्सनल सिक्योरिटी में 10 बाउंसर लगाए हैं। रामजीलाल सुमन ने 21 मार्च को राज्यसभा में कहा था, 'भाजपा वालों का तकिया कलाम हो गया कि मुसलमानों में बाबर का डीएनए है। फिर हिंदुओं में किसका डीएनए है? बाबर को कौन लाया? बाबर को भारत में इब्राहीम लोदी को हराने के लिए राणा सांगा लाया था।
मुसलमान बाबर की औलाद हैं तो तुम (हिंदू) गद्दार राणा सांगा की औलाद हो। यह हिंदुस्तान में तय हो जाना चाहिए। बाबर की आलोचना करते हैं, राणा सांगा की नहीं। देश की आजादी की लड़ाई में इन्होंने अंग्रेजों की गुलामी की थी।"