बढ़ती मंहगाई के विरोध में सपा ने निकाली पदयात्रा,सिंह द्वार से ही पुलिस ने वापस लौटाया

बढ़ती मंहगाई के विरोध में सपा ने निकाली पदयात्रा,सिंह द्वार से ही पुलिस ने वापस लौटाया

(रणभेरी): वाराणसी में सपा कार्यकर्ताओं ने रविवार को बढ़ती मंहगाई, अपराध और भ्रष्टाचार के विरोध में पदयात्रा निकाली। सपा कार्यकर्ताओ ने नरिया तिराहे से पदयात्रा निकालकर प्रदर्शन किया। सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की। इससे वहां थोड़ी देर के लिए जाम भी लग गया। सपा कार्यकर्ता जुलूस के शक्ल में नरिया से सिंहद्वार जाने के लिए निकले, लेकिन कुछ आगे बढ़ते ही पुलिस ने सभी को रोक दिया।

वही मौके पर पहुंचे एसीपी भेलुपर प्रवीण कुमार ने समझाने का प्रयास किया लेकिन कार्यकर्ता आगे जाने की जिद पर अड़े रहे। बाद में किसी तरह पुलिस ने समझाकर वापस कराया। पदयात्रा में शामिल सपा पार्षद दल के नेता कमल पटेल ने कहा कि बिगड़ती कानून-व्यवस्था और बढ़ती महंगाई के चलते प्रदेश की जनता का जीना दुश्वार हो गया है। डीजल के दाम में वृद्धि से किसानों का हाल बेहाल हो गया है। सरसों के तेल का दाम 200 के ऊपर होने से घर चलाना मुश्किल हो गया है। घरेलू गैस का दाम 1000 रुपये होने से घर-गृहस्थी की बजट बिगड़ गई है। आरोप लगाया कि बहन- बेटियों की अस्मिता बचाने में कानून व्यवस्था पूर्णतः असफल है। अपराधी बेखौफ और व्यापारी खौफजदा हैं।