आगरा में नाराज पत्नी ने भाइयों को भेजकर पति का करवा दिया अपहरण

आगरा में नाराज पत्नी ने भाइयों को भेजकर पति का करवा दिया अपहरण

मंदिर से हाथ-पैर बांधकर गाड़ी की डिग्गी में डाला, पुलिस ने 5KM पीछा करके पकड़ा

(रणभेरी): यूपी के आगरा से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। नाराज पत्नी ने भाइयों को भेजकर पति का अपहरण करवा दिया। आज सुबह जब पति घर के बाहर मंदिर में पूजा कर रहा था, तभी पत्नी के तीन भाई दो अन्य लोगों के साथ पहुंचे। उन्होंने पति को पकड़कर जमकर पीटा। फिर हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए, मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और कार की डिग्गी में डालकर घर के लिए रवाना हो गए। आरोपियों का ऐसा करते हुए आसपास के लोगों ने देख लिया। उन्होंने शोर मचाया और पुलिस को सूचना दी।

पुलिस को अपहरण की सूचना मिलते तुरंत पहुंची और पूरे इलाके की नाकाबंदी कर दी गई। ग्रामीण भी बाइक से पीछा करने लगे। करीब 5 किमी बाद खंदौली पुलिस चौकी के पास पुलिस ने कार को घेरकर रोक लिया। कार की डिक्की खोली गई तो उसमें पीड़ित पति मिला। इसके बाद आरोपियों और पीड़ित के घरवालों के बीच कहासुनी हो गई। पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया। फिलहाल पुलिस ने महिला के तीनों भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना खंदौली के खेरिया गांव की है।

पीड़ित पति नेबताया कि  2 दिन पहले  पत्नी से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। इसके बाद गुस्से में पत्नी मायके चली गई। गुरुवार सुबह मैं घर के बाहर मंदिर में पूजा कर रहा था। इसी दौरान पत्नी के तीन भाई और दो लोग कार से आए। उन्होंने आते ही मुझे पीटना शुरू कर दिया। फिर मेरे हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए। मुझे जबरन कार की डिक्की में डाल दिया। मैंने शोर मचाया तो मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। वह हरदेव खेरिया गांव में रहते हैं। उनकी ससुराल सादाबाद में है।

इधर, आरोपियों को ऐसा करते हुए गांव के लोगों ने देख लिया था। जैसे ही आरोपी हरदेव को कार में डालकर निकले, ग्रामीणों ने शोर मचा दिया। हरदेव के भाई कालीचरण को फोन कर सूचना दी। उन्होंने पुलिस को भी जानकारी दी। अपहरण की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। पूरे इलाके की नाकाबंदी कर दी गई। ग्रामीण बाइक से कार का पीछा करने लगे। करीब 5 किमी दूर खंदौली पुलिस चौकी के पास पुलिस ने कार को घेरकर रोक लिया और हरदेव को छुड़ाया। थोड़ी देर में ग्रामीण और किसान के परिजन भी पहुंच गए। उनका हरदेव को अगवा करने वालों से विवाद हो गया। मारपीट होने लगी। रोड पर हंगामा देख भीड़ लग गई। पुलिस ने किसी तरह दोनों पक्षों को अलग करके हंगामा शांत कराया।

किसान हरदेव का कहना है- अगवा करने वाले उसके साले हैं। वो उसकी संपत्ति हड़पना चाहते हैं। जब भी आते थे, रुपए मांगते थे। संपत्ति अपने नाम कराने के लिए ही मुझे अगवा करके ले जा रहे थे। थाना प्रभारी हंसराज भदौरिया ने बताया- किसान का पत्नी से विवाद था। उसके साले उसे गाड़ी में बांधकर ले जा रहे थे। पुलिस ने 3 आरोपियों को पकड़ लिया है। शिकायत मिल गई है। मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। जांच के बाद सख्त एक्शन लिया जाएगा।