बीए की छात्रा की बीच बाजार गोली मारकर हत्या, तमंचा छोड़ भागे बदमाश

बीए की छात्रा की बीच बाजार गोली मारकर हत्या, तमंचा छोड़ भागे बदमाश

(रणभेरी): यूपी में जालौन जिले के एट कस्बे में आज यानी सोमवार (17 अप्रैल) को बीए प्रथम वर्ष की छात्रा की सरेआम गोली मारकर हत्या किए जाने का हैरतअंगेज़ मामला प्रकाश में आया है। बीए प्रथम वर्ष की छात्रा 21 वर्षीय रोशनी पुत्री मान सिंह अहिरवार, एट के राम लखन महाविद्यालय में परीक्षा देकर अपने गांव ऐधा वापस पैदल जा रही थी।इसी बीच एट के कोटरा रोड बाजार में बाइक सवार दो बदमाशों ने कनपटी से सटाकर गोली मार दी और फरार हो गए। गोली लगने से छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फ़ैल गई। घटना की सूचना मिलते ही संबंधित थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन में लग गई। यह घटना सुबह लगभग 11 बजे की है। गोली मारने वाले बदमाश तमंचा वहीं पर फेंककर फरार हो गए। पुलिस ने 315 बोर का तमंचा बरामद कर लिया है। 

घटनास्थल पर एसपी डॉ. ईरज राजा मौके पर पहुंच गए हैं। कोटरा थाना क्षेत्र के ऐंधा गांव निवासी मानसिंह अहिरवार की 21 वर्षीय बेटी रोशनी एट के राम लखन महाविद्यालय में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा थी। सोमवार सुबह घर से पेपर देने एट आई थी। 11 बजे पेपर छूटने के बाद वह अपने घर लौट रही थी, उसी समय बाइक सवार दो युवकों ने बीच बाजार उसको गोली मार दी। जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही एसपी डॉक्टर ईरज राजा मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। जानकारी मिलते ही भाई श्रीचंद, मां सुनीता भी मौके पर पहुंच गईं। सरे बाजार बड़ी घटना होने से कस्बे में गहमागहमी का माहौल है। गोली मारने वाले युवक कौन थे इसकी अभी जानकारी नहीं हो पाई है। गोली मारने के बाद युवक मौके से फरार हो गए।इस घटना से लोगों में काफी आक्रोश है। सूचना मिलते ही एसपी और बड़ी संख्या में पुलिस बल पहुंच गया। इस दौरान छात्रा की लाख काफी देर तक सड़क पर खुले में ही पड़ी रही।