लव मैरिज का खौफनाक अंजाम... गर्भवती महिला की हत्या कर शव बोरे में भरकर फेंका, ससुरालवाले फरार

लव मैरिज का खौफनाक अंजाम... गर्भवती महिला की हत्या कर शव बोरे में भरकर फेंका, ससुरालवाले फरार

सहारनपुर । आज एक 7 महीने की प्रेग्नेंट युवती का शव गन्ने के खेत में मिला है। तीन दिन पहले ही उसने लव मैरिज की थी। लड़के के घरवालों को रिश्ता मंजूर नहीं था। उन्होंने उसकी हत्या करके शव को बोरे में भरकर खेत में फेंक दिया। उसके बाद फरार हो गए। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। मामला थाना नानौता क्षेत्र का है। थाना नानौता के भावसी रायपुर गांव में सुबह में लोग खेत जा रहे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति की नजर गन्ने खेत में पड़े बोरे पर पड़ी। उससे तेज बदबू आ रही थी। पास जाकर देखा तो उसे अनहोनी का अंदेशा हुआ। उसने गांव के कुछ अन्य लोगों को इसके बारे में बताया। थोड़ी ही देर में वहां पर भीड़ जमा हो गई।

लोगों ने फौरन डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। थोड़ी ही देर में पुलिस फोर्स के साथ पहुंच गई। गांव के लोगों के सामने बोरे को खोला गया। अंदर युवती की लाश छिपाकर रखी गई थी। पुलिस ने फौरन फॉरेंसिक टीम को बुलाया। उसने मौके से साक्ष्य इक्कठा किया। लाश के पास मिले दस्तावेज से उसकी पहचान अनीता (22) के रूप में हुई। वह मुजफ्फरनगर की रहने वाली थी। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया है।

स्थानीय युवक राम प्रसाद के मुताबिक विशाल भावसी रायपुर गांव का रहने वाला है। उसने 18 मई को घरवालों की मर्जी के खिलाफ अनीता से शादी की। उसके बाद उसे अपने घर ले आया। अनीता के घर पहुंचने पर विशाल के घरवाले नाराज हो गए। उनके बीच लड़ाई होने लगी। 19 मई को विशाल घर से किसी काम से बाहर गया था। इसी दौरान मौके का फायदा उठाकर उसके घरवालों ने अनीता की हत्या कर दी। मौत होने के बाद शव को बोरे में भर दिया। उसके बाद लाश को ले जाकर फेंक दिया।

बहन बोली-घरवालों ने समझाया था पर भाई ने बात नहीं मानी

पुलिस जब छानबीन करने के लिए विशाल के घर पहुंची तो वहां पर केवल उसकी बहन थी। घरवाले फरार हो चुके थे। पुलिस ने जब विशाल की बहन से सख्ती से पूछताछ की तो उसने बताया कि उसके घरवालों ने ही अनीता की हत्या की है। उसके बाद शव को गन्ने के खेत में फेंक दिया। वे इस रिश्ते के खिलाफ थे। उन्होंने विशाल को समझाया था कि उससे शादी न करे। इससे उनकी बदनामी होगी लेकिन वह अनीता को छोड़ने के लिए तैयार नहीं था। उसने कहा कि वह अनीता से प्यार करता है। वह प्रेंग्नेट है। ऐसे समय में उसे उसके साथ की जरूरत है। वह उसे नहीं छोड़ सकता। तीन दिन से घर में उसे लेकर लड़ाई हो रही थी। इसलिए घरवालों ने उसकी हत्या कर दी।

पुलिस बोली- तहरीर के आधार पर करेंगे कार्रवाई

पुलिस के अनुसार- लड़की के परिजनों से संपर्क किया जा रहा है। लेकिन अभी तक उनसे संपर्क नहीं हो पाया है। शव मोर्चरी में रखा हुआ है। परिवार की ओर से जो भी तहरीर आएगी। उसके आधार पर ही कार्रवाई की जाएगी।