वाराणसी सहित 36 जिलों में हीटवेव का अलर्ट, तापमान 42 डिग्री पार, प्रचंड गर्मी से परेशान हुए लोग

वाराणसी (रणभेरी): आज यूपी के 36 जिलों में वेव अलर्ट जारी किया गया है। लगातार तीन दिनों से तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से नीचे नहीं आ रहा है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 2.5 डिग्री अधिक 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं रात का न्यूनतम तापमान 23.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1 डिग्री अधिक है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए लू का 'यलो अलर्ट' जारी किया है और तापमान के 45 डिग्री तक पहुंचने के आसार हैं।
दोपहर के समय लगभग 20 किमी प्रति घंटा के वेग से चली गर्म पछुआ ने लू के थपेड़ों का आभास कराया। बनारस प्रदेश के टाप फाइव शहरों में बना रहा। रात के 10:30 बजे भी 30 डिग्री तक बने रहे। वहीं, बारिश की कोई संभावना नहीं है। 24 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेगा, जिसकी वजह से पूर्वी यूपी में 27 से 29 अप्रैल को बूंदाबादी हो सकती है।
गर्मी की तल्खी इस हद तक बढ़ गई है कि घरों के पंखे और कूलर भी फेल हो चुके हैं। खिड़कियां खोलने पर गर्म हवा अंदर आती है और बंद करने पर उमस से हालत खराब हो रही है। तेज गर्म हवाएं, जो लगभग 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हैं, शरीर को झुलसा रही हैं। धूप की तपिश इतनी अधिक है कि छतों पर रखी पानी की टंकियों का पानी सुबह 10 बजे तक ही उबलने लगता है। दिन में दीवारें इतनी गर्म हो जाती हैं कि रात 12 बजे तक भी उनमें से गर्मी खत्म नहीं होती। इस झुलसाने वाली गर्मी से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। बारिश होने पर तापमान में गिरावट आएगी और 3-4 दिनों तक मौसम सुहावना बना रह सकता है।