पहाड़ों पर हो रही बारिश का पूर्वांचल की नदियों पर असर, काशी में हर घंटे 10 मिमी बढ़ रहा गंगा का जलस्तर

पहाड़ों पर हो रही बारिश का पूर्वांचल की नदियों पर असर, काशी में हर घंटे 10 मिमी बढ़ रहा गंगा का जलस्तर

वाराणसी (रणभेरी सं.)। पहाड़ों पर हो रही बारिश का असर पूर्वांचल समेत पूरे प्रदेश की नदियों पर होने लगा है। नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार वाराणसी में गंगा का जलस्तर 58.27 मीटर पहुंच गया है।  पहाड़ों पर हो रही बारिश के असर अब मैदानी इलाकों में नजर आने लगा है। गंगा के जलस्तर में भी अब तेजी से बढ़ाव शुरू हो गया है। बनारस में गंगा के जलस्तर में हर घंटे 10 मिलीमीटर की रफ्तार से बढ़ोतरी हो रही है। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार देर शाम गंगा का जलस्तर 58.27 मीटर पहुंच गया था। शुक्रवार की सुबह जारी आंकड़ों के अनुसार 24 घंटे में गंगा का जलस्तर 36 सेंटीमीटर बढ़कर 58.17 मीटर पहुंच गया था। गंगा के जलस्तर में 20 मिलीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ाव हो रहा था। दोपहर एक बजे गंगा का जलस्तर 58.22 मीटर दर्ज किया गया।  केंद्रीय जल आयोग के अनुसार गंगा के जलस्तर में सुबह दस बजे से 10 मिलीमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से बढ़ाव हो रहा है। शाम को छह बजे गंगा का जलस्तर 58.27 मीटर पहुंच चुका था और बढ़ाव जारी है।  वाराणसी में गंगा का चेतावनी बिंदु 70.262 मीटर और खतरे का निशान 71.262 मीटर है। केंद्रीय जल आयोग की मानें तो पहाड़ों और मैदानी क्षेत्रों में हो रही बारिश के कारण गंगा के जलस्तर में बढ़ाव हो रहा है।