टेलीविजन के मशहूर अभिनेता अमन जायसवाल की मुंबई में सड़क हादसे में मौत, बलिया में होगा अंतिम संस्कार
एंटरटेनमेंट (रणभेरी): टेलीविजन के मशहूर अभिनेता अमन जायसवाल की मुंबई में सड़क हादसे में मौत हो गई है। 23 साल के अमन शूटिंग करके बाइक से घर जा रहे थे, तभी ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में अमन गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीर उन्हें कामा अस्पताल ले गए। वहां इलाज के दौरान अमन की मौत हो गई। हादसा शुक्रवार दोपहर 3 बजे जोगेश्वरी हाईवे पर हुआ।अमन ने टेलीविजन के शो धरतीपुत्र नंदनी में मुख्य किरदार की भूमिका अदा की थी।
इधर, बेटे की मौत की खबर पता चलते ही मां-पिता बेहोश हो गए। अमन का अंतिम संस्कार बलिया में ही होगा। दोपहर 3 बजे फ्लाइट से वाराणसी अमन के शव को लाया जाएगा, फिर बलिया के तुरतिरपार घाट पर अंतिम संस्कार होगा। अमन का घर बेल्थरा रोड के सेक्टर-5 में है। उनके पिता आशीष बिजनेसमैन हैं। चाचा प्रशांत कुमार मंटू व्यापार मंडल के अध्यक्ष हैं। अमन दिवाली पर आखिरी बार बलिया आए थे। पड़ोसियों के मुताबिक, अनम बचपन से एक्टर बनना चाहते थे, लेकिन उनके पिता आशीष चाहते थे कि बेटा IAS बने। हालांकि, मां ने अमन का साथ दिया था। उनके पिता को भी समझाया। ग्रेजुएशन तक की पढ़ाई खत्म करने के बाद अमन मुंबई चले गए। अमन ने करियर की शुरुआत बतौर मॉडल की थी, फिर टीवी सीरियल में काम करने लगे।
2023 में अमन को टीवी सीरियल 'धरतीपुत्र नंदिनी' से फेम मिला। इसमें वो लीड रोल में थे। उन्होंने आकाश का किरदार निभाया था। इस सीरियल को ‘रामायण’ में सीता का किरदार निभाने वाली एक्ट्रेस दीपिका चिखलिया ने प्रोड्यूसर किया था। इसके अलावा, अमन ने शो पुण्यश्लोक अहिल्याबाई में यशवंत राव फांसे का किरदार निभाया था। यह शो साल 2021 से 2023 तक टेलिकॉस्ट हुआ। वह रवि दुबे और सरगुन मेहता के शो उड़ारियां का भी हिस्सा रह चुके थे।
टीवी शो ‘धरतीपुत्र नंदिनी’ के लेखक धीरज मिश्रा ने अमन की मौत पर दुख जताया। कहा- अलविदा, तुम जीवित रहोगे, हमारी यादों में…ईश्वर कभी-कभी कितना क्रूर हो सकता है। आज तुम्हारी मौत ने एहसास करा दिया।