मुलायम सिंह की “सीट” को अब संभालेंगी डिम्पल यादव, सपा ने बनाया उम्मीदवार

मुलायम सिंह की “सीट” को अब संभालेंगी डिम्पल यादव, सपा ने बनाया उम्मीदवार

वाराणसी (रणभेरी): समाजवादी पार्टी ने मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव के लिए पूर्व सीएम अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव को उम्मीदवार बनाया है। सपा ने गुरुवार को उनके नाम की घोषणा कर दी। बता दें कि सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद मैनपुरी सीट पर उपचुनाव होने जा रहा है। इसके लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है।

यह सीट समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव के निधन के चलते खाली हुई है। उपचुनाव के लिए पांच दिसंबर को वोटिंग होगी, तो वहीं आठ दिसंबर को नतीजों का ऐलान होगा। 

सपा मैनपुरी से उम्मीदवार के तौर पर डिंपल यादव के अलावा तेज प्रताप यादव और धर्मेंद्र यादव के नाम पर विचार कर रही थी, लेकिन बृहस्पतिवार को डिंपल यादव के नाम पर मुहर लग गई है। डिंपल इससे पहले कन्नौज से सांसद रह चुकी हैं। फिरोजाबाद से भी चुनाव लड़ी थी, लेकिन हार का सामना करना पड़ा था। डिंपल यादव के चुनाव का संचालन खुद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव करेंगे। 

अखिलश यादव के कन्नौज लोकसभा सीट छोड़ने के बाद वहां 2012 में उपचुनाव हुआ। सपा ने इस बार भी डिंपल यादव पर भरोसा जताया। इस चुनाव में बसपा, कांग्रेस, भाजपा ने उनके खिलाफ कोई उम्मीदवार नहीं उतारा जबकि, दो लोगों के नामांकन वापस लेने के बाद डिंपल निर्विरोध चुनाव जीतने में कामयाब रहीं। वहीं 2014 लोकसभा चुनाव में भी वह कन्नौज सीट बचा ले गईं थी। हालांकि 2019 के चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।  मैनपुरी उपचुनाव में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) ने भी ताल ठोंकी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर (ओपी राजभर) ने बुधवार को सुभासपा प्रत्याशी का एलान किया था। उन्होंने मैनपुरी उपचुनाव में रमाकांत कश्यप को प्रत्याशी बनाया है। रमाकांत कश्यप इटावा के रहने वाले हैं। हालांकि भाजपा ने अभी अपने प्रत्याशी के नाम की घोषणा नहीं की है।