आज शाम दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी आएंगे सीएम योगी, करेंगे मंडलीय समीक्षा बैठक

आज शाम दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी आएंगे सीएम योगी, करेंगे मंडलीय समीक्षा बैठक

(रणभेरी): मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज शाम चार बजे दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी आएंगे। वे मंडलायुक्त सभागार में विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। सीएम योगी के दौरे के मद्देनजर मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल गुरुवार सुबह अपनी टीम के साथ फुलवरिया फोरलेन का निरीक्षण किया। इसके बाद लहरतारा रेलवे ब्रिज का कार्य देखते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

फुलवरिया फोरलेन के काम में लापरवाही पर मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताई थी। दो दिन पहले ही फुलवरिया फोरलेन निर्माण कार्य में रूचि नहीं लेने और कार्यों में लापरवाही बरतने पर उप परियोजना प्रबंधक (डीडीएम) सूरज गर्ग का स्थानांतरण चित्रकूट कर दिया गया।वहीं, चित्रकूट में तैनात उप परियोजना प्रबंधक को बनारस भेजा गया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार फुलवरिया फोरलेन निर्माण कार्य की धीमी गति और उच्चाधिकारियों की बैठकों में शामिल नहीं होने का आरोप है। तीन माह पूर्व रेलवे बोर्ड के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर के निरीक्षण में भी उप परियोजना प्रबंधक गैर हाजिर थे।इसे लेकर प्रशासनिक अधिकारियों ने काफी नाराजगी जाहिर की थी। वहीं, पिछले दिनों मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद, प्रमुख सचिव, मंडलायुक्त ने भी फुलवरिया फोरलेन निर्माण के निरीक्षण में कार्यों की रफ्तार धीमी होने पर नाराजगी जताई थी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सावन महीने में पहला वाराणसी दौरा है। इसके बाद कालभैरव और काशी विश्वनाथ का दर्शन-पूजन करने के बाद देर रात वे दो परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण भी करेंगे। अगले दिन पार्टी पदाधिकारियों की बैठक के बाद वे लखनऊ रवाना हो जाएंगे। शासनिक अधिकारियों के अनुसार मुख्यमंत्री फुलवरिया फोरलेन और प्रस्तावित रोपवे परियोजना का निरीक्षण भी कर सकते हैं।