गाजीपुर में अखिलेश ने भरी हुंकार, बोले- 2022 में भाजपा का हो जाएगा सफाया

गाजीपुर में अखिलेश ने भरी हुंकार, बोले- 2022 में भाजपा का हो जाएगा सफाया

वाराणसी (रणभेरी): यूपी में समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को गाजीपुर  के पखनपुरा में भाजपा पर जमकर निशाना साधा।पूर्व मुख्यमंत्री पखनपुरा में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सिर्फ नाम बदल रही है। अगले विधानसभा चुनावों में सपा की पूर्ण बहुमत से सरकार बनेगी। मौके पर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर भी पहुंचे। 

जनसभा में भीड़ देख अखिलेश यादव ने समर्थकों का हाथ जोड़कर अभिवादन किया। अखिलेश यादव ने अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों को जनसभा में हुंकार भरते हुए कहा कि गाजीपुर की धरती वीरों की धरती है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में अमन, चैन और सुख का परिवर्तन होने जा रहा है। 2022 में सपा की सरकार आएगी। इस गाजीपुर से लेकर उस गाजीपुर बॉर्डर तक भाजपा तक का सफाया हो जाएगा।अखिलेश ने कहा कि जो एक्सप्रेस-वे भाजपा सरकार ने बनाया है, वह आधा-अधूरा है। उन्होंने कहा कि इस एक्सप्रेस-वे को बनाने का सपना समाजवादी पार्टी ने देखा था।

समाजवादियों ने सपना इसलिए देखा कि यहां से लेकर दिल्ली तक की दूरी कम हो जाए। साथ ही कहा कि यह एक्सप्रेस-वे दूरी ही कम नहीं करेगा बल्कि खुशहाली का एक्सप्रेस-वे होगा।अखिलेश यादव ने कहा कि यह वही सरकार है, जिसने कहा था कि जो हवाई चप्पल में चलता है, उसे हवाई जहाज में बैठाएंगे। जिस तरह पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ रहे हैं, इसमें हमारे गरीब, किसान की गाड़ी नहीं चल पाएगी। सरकार ने हर चीज पर महंगाई बढ़ा दी है। उनकी मोटरसाइकिल नहीं चल पाएगी। भाजपा सरकार किसानों डीएपी नहीं दे पाई। इस प्रदेश में बुल और बुलडोजर चल रहा है।

चुनावों से पहले भाजपा ने नौजवानों को नौकरी देने का वादा किया था, लेकिन वह नौजवान बेरोजगारों को आज तक रोजगार नहीं दे पाई है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि सन 2022 में सपा सरकार बनेगी। उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता इस बात को जानती है कि आजमगढ़ व प्रदेश का विकास अखिलेश यादव ने ही किया है। सरकार डर रही है। इसीलिए राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के कार्यक्रम को अनुमति नहीं दी गई जो 16 नवंबर प्रस्तावित थी। अब जनता इसका जवाब जरूर देगी।