'आप' ने वाराणसी के चार विधानसभा सीट पर घोषित किए प्रत्याशी, जानिए कौन किस सीट पर दिखाएगा दमखम?
                                                                                    पार्षद, डॉक्टर, समाजसेविका और एडवोकेट को दिया टिकट, बढ़ी चुनावी सरगर्मी
वाराणसी (रणभेरी)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए सभी राजनीतिक दल कमर कस कर मैदान में उतर गए हैं। कांग्रेस, बसपा, सपा, रालोद, भाजपा और एआईएमआईएम के बाद रविवार को आम आदमी पार्टी ने भी अपने प्रत्याशियों के नाम की घोषणा की। इसके तहत वाराणसी में आम आदमी पार्टी ने डॉक्टर, समाजसेविका, एडवोकेट और पार्षद को अपना प्रत्याशी घोषित किया है।
आम आदमी पार्टी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। 150 सीटों की पहली लिस्ट जारी की गई है। वाराणसी के दक्षिणी, उत्तरी, रोहनिया और पिंडरा से उम्मीदवारों का चयन हो गया है।
वाराणसी दक्षिणी से अजीत सिंह, उत्तरी से डॉ आशीष जायसवाल, पिंडरा से एडवोकेट अमर सिंह पटेल और रोहनिया से पल्लवी वर्मा को टिकट दिया गया है। जिन योग्य उम्मीदवारों के नामों पर सहमति बनी है उनमें से 8 एमबाए, 38 पोस्ट ग्रेजुएट, 4 डाक्टर, 8 पीएचडी, 7 इंजीनियर, 8 बीएड, 39 ग्रेजुएट और 6 डिप्लोमा धारक हैं। वहीं 55 ओबीसी, 31 अनसूचित जाति, 14 मुस्लिम, 6 कायस्थ और 36 ब्राह्मण उम्मीदवार हैं।
अजीत सिंह: शहर दक्षिणी प्रत्याशी
राजमंदिर निवासी अजीत सिंह को आम आदमी पार्टी ने वाराणसी की शहर दक्षिणी विधानसभा से अपना प्रत्याशी घोषित किया है। अजीत सिंह दो बार से निर्दल पार्षद हैं। पार्षद रहते हुए अजित सिंह ने अपने क्षेत्र को विकास का नया आयाम दिया। अपने क्षेत्र में साफ सफाई से लेकर विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी। पूरे क्षेत्र में खुद के पैसों से सीसीटीवी कैमरे लगवाएं। अजीत सिंह गरीबों के मसीहा के रूप में जाने जाते है।
डॉ. आशीष जायसवाल: शहर उत्तरी प्रत्याशी
छोटा लालपुर, पांडेयपुर निवासी डॉ. आशीष जायसवाल को आम आदमी पार्टी ने वाराणसी की शहर उत्तरी विधानसभा से प्रत्याशी घोषित किया है। डॉ. आशीष हृदय रोग विशेषज्ञ हैं। डॉ. आशीष के अनुसार वह दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की विचारधारा से प्रभावित होकर आम आदमी पार्टी से जुड़े थे। उनका मानना है कि राजनीति समाज सेवा का एक सशक्त माध्यम है।
अमर सिंह पटेल: पिंडरा विधानसभा प्रत्याशी
घमहापुर, कुआर बाजार निवासी अमर सिंह पटेल को आम आदमी पार्टी ने वाराणसी की पिंडरा विधानसभा से अपना प्रत्याशी घोषित किया है। अमर सिंह पटेल पेशे से एडवोकेट हैं। अमर सिंह के अनुसार वह वकालत करने के साथ ही आम आदमी के दुख-दर्द की आवाज बनना चाहते हैं। इसी वजह से वह आम आदमी पार्टी से जुड़े। पार्टी ने उन्हें विधानसभा प्रत्याशी बनाया, इसके लिए वह नेतृत्व के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि वह पूरे दमखम के साथ चुनाव लड़ेंगे।
पल्लवी वर्मा: रोहनिया विधानसभा प्रत्याशी
कंदवा की रहने वाली पल्लवी वर्मा को आम आदमी पार्टी ने रोहनिया विधानसभा से प्रत्याशी घोषित किया है। पल्लवी समाजसेविका हैं और महिला सशक्तिकरण के लिए काम करती हैं। साथ ही बेसहारा व अनाथ बच्चियों को शिक्षित करने और उनका विवाह करवाने के काम में सक्रिय रहती हैं। इसके अलावा वह आम आदमी पार्टी की जिला कार्यकारिणी की सदस्य और रोहनिया विधानसभा की प्रभारी रही हैं। सामाजिक कौशल विकास संस्था परमहंस नगर कंदवा में पिछले 7 साल से वह काम कर रही हैं।
हम जनसेवा के लिए करते हैं राजनीति: मुकेश सिंह
आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता मुकेश सिंह ने कहा कि हम जनसेवा के लिए राजनीति करते हैं। स्वास्थ्य, शिक्षा और बिजली-पानी आपूर्ति के क्षेत्र में काम देखना है तो आप दिल्ली जाकर देखें। हम वही सब यहां भी आम आदमी के लिए चाहते हैं। इसीलिए हम पूरे दमखम के साथ उत्तर प्रदेश में चुनाव लड़ रहे हैं। जिस तरह से हमें जनता का समर्थन मिल रहा है, उसे देख कर लग रहा है कि इस बार के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश में एक नया इतिहास रचेगी।
                





                                                                                    
                                                                                    
                                                                                    
                                                                                    
                                                                                    
                                                                                    
                
                
                
                
                
                
                

                    
                    
                    
                    
                    
                    
                    
                    
                    
                    
                    
                    


