फतेहपुर में दर्दनाक हादसा: 5 साल का बच्चा 22 फीट ऊंचाई से गिरा, पेट के आर-पार हुआ सरिया
(रणभेरी): जिले के खखरेरू थाना क्षेत्र में रविवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। नगर पंचायत वार्ड नंबर-12 में 5 साल का मासूम छत से गिरकर नाली में जा गिरा। नीचे लगी सरिया उसके पेट के आर-पार हो गई। परिजनों ने किसी तरह सरिया काटकर बच्चे को अस्पताल पहुंचाया। करीब 7 घंटे तक दर्द से तड़पने के बाद ऑपरेशन कर सरिया निकाली गई।
जानकारी के अनुसार, मुराइन टोला निवासी वकील अहमद अपने 5 वर्षीय बेटे जैन और पत्नी के साथ रामनगर निवासी अपने साढ़ू लड्डन पठान के घर शादी समारोह में शामिल होने आए थे। रविवार सुबह जैन अन्य बच्चों के साथ छत पर खेल रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसला और वह करीब 22 फीट ऊंची छत से नीचे गिर गया।
नीचे पड़ोसी के निर्माणाधीन घर की नाली में लगी लोहे की सरिया उसके पेट के आर-पार हो गई। बच्चे की चीख सुनकर परिजन दौड़ पड़े। उन्होंने कटर की मदद से नाली की सरिया काटी और पेट में फंसी सरिया के साथ ही बच्चे को सीएचसी ले गए। वहां से उसे कानपुर के रिजेंसी अस्पताल रेफर किया गया।
डॉक्टरों ने बताया कि बच्चे की जान बचाने के लिए तत्काल ऑपरेशन जरूरी है, जिसका खर्च करीब 5 लाख रुपये आएगा। आर्थिक तंगी के कारण परिजनों ने मोहल्ले और रिश्तेदारों से मदद की अपील की। लोगों ने आगे बढ़कर 2 लाख 80 हजार रुपये चंदे के रूप में जुटाए।
इसी राशि से ऑपरेशन शुरू किया गया। डॉक्टरों ने 7 घंटे लंबे ऑपरेशन के बाद बच्चे के पेट से सरिया निकाल दी।
डॉक्टरों के अनुसार, बच्चा अब खतरे से बाहर है, हालांकि उसके कई अंगों को चोट पहुंची है और मल्टीपल फ्रैक्चर हैं, इसलिए उसे आईसीयू में मॉनिटरिंग पर रखा गया है। मासूम की जिंदगी बचाने के लिए आगे आए स्थानीय लोगों की पहल की हर तरफ सराहना हो रही है।











