मनिका विश्वकर्मा बनीं मिस यूनिवर्स इंडिया 2025, थाईलैंड में करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व

(रणभेरी): जयपुर में आयोजित मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 प्रतियोगिता में गंगानगर (राजस्थान) की रहने वाली मनिका विश्वकर्मा ने ताज अपने नाम कर लिया है। खिताब जीतने के बाद उनके चेहरे की मुस्कान और आत्मविश्वास देखने लायक था।
मनिका वर्तमान में दिल्ली में मॉडलिंग करती हैं। मिस यूनिवर्स इंडिया बनने से पहले वह मिस यूनिवर्स राजस्थान 2024 का खिताब जीत चुकी हैं। अब वह इस साल के अंत में थाईलैंड में होने वाले 74वें मिस यूनिवर्स कॉन्टेस्ट में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी, जिसमें 130 देशों की प्रतिभागी हिस्सा लेंगी।
खिताब जीतने के बाद अपनी खुशी जाहिर करते हुए मनिका ने कहा....
"यह एहसास अद्भुत है। मैं अपने माता-पिता, शिक्षकों, मार्गदर्शकों और दोस्तों की आभारी हूं। अब मेरा लक्ष्य भारत का सर्वोत्तम प्रतिनिधित्व करना और मिस यूनिवर्स का ताज अपने देश में लाना है।"
मनिका ने बताया कि उनकी यात्रा गंगानगर से शुरू होकर दिल्ली तक पहुंची। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रतियोगिता को जीतने के लिए आत्मविश्वास और साहस सबसे अहम भूमिका निभाते हैं। उनकी इस जीत पर अभिनेत्री और जूरी सदस्य उर्वशी रौतेला ने भी उन्हें बधाई देते हुए भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।