अरविंद केजरीवाल ने लॉन्च किया ‘मेक इंडिया नंबर-1’ कैंपेन,बोले- इन नेताओं के भरोसे देश छोड़ा तो...

अरविंद केजरीवाल ने लॉन्च किया ‘मेक इंडिया नंबर-1’ कैंपेन,बोले- इन नेताओं के भरोसे देश छोड़ा तो...

(रणभेरी): दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को 'मेक इंडिया नंबर वन' मिशन की शुरुआत की। केजरीवाल ने कहा कि उन्हें इस देश के 130 करोड़ लोगों को इस मिशन से जोड़ना है। केजरीवाल ने कहा कि लोगों में क्रोध है और सवाल है कि 75 साल में कई देश आजाद हुए और आगे निकल गए।  उन्होंने कहा, अगर हम इस देश को इन नेताओं के भरोसे छोड़ देंगे, तो हम और पिछड़ जाएंगे। 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी ने अभी से कमर कसना शुरू कर दी है। इसे मिशन 2024 की तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है। इस दौरान आप संयोजक ने कहा कि, ये करोड़ो-करोड़ों भारतीयों का बहुत पुराना सपना है। इस सपने की शुरुआत होने जा रही है। हमारे देश का हर आदमी, हर भारतीय चाहता है कि, भारत दुनिया का सर्वश्रेष्ठ देश बने। हर भारतीय चाहता है कि हमारे देश की गिनती दुनिया के सबसे अमीर देशों में हो, शक्तिशाली देशों में हो।

अरविंद केजरीवाल ने कहा, ''यह सपने के पूरा होने की शुरुआत। हर भारतीय चाहता है कि भारत दुनिया का नंबर एक देश बने। भारत की गिनती दुनिया के अमीर देश में हो। भारत शक्तिशाली राष्ट्र बने। भारत एक महान देश है। हमारी सभ्यता बहुत पुरानी है, कई हजार साल पुरानी है। एक समय ऐसा था जब भारत का डंका पूरी दुनिया में बजता था। हमें दोबारा भारत को महान बनाना है। हम मिशन की शुरुआत करने जा रहे हैं, मेक इंडिया नंबर वन। 130 करोड़ लोगों को इसके साथ जोड़ना है। देश के हर नागरिक का मिशन रहा है कि दुनिया में भारत को नंबर वन बनाना है।''

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आजादी को 75 साल हो गए, इस दौरान हमने बहुत कुछ पाया, बहुत हासिल किया। लेकिन लोगों में एक गुस्सा है, प्रश्न है कि इन 75 सालों के अंदर कई ऐसे देश हैं जो हमारे बाद आजाद हुए और हमसे आगे निकल गए। सिंगापुर हमसे 15 साल बाद आजाद हुआ, आज हमसे आगे निकल गया। क्यों भाई हमारे अंदर क्या कमी है। हर नागरिक गुस्से में हैं, हम किसी से कम हैं क्या। भारत के लोग दुनिया के सबसे इंटेलिजेंट और मेहनती हैं, दुनिया में बेस्ट हैं। फिर भी हम पीछे रह गए। अगर इनके (कांग्रेस-बीजेपी) भरोसे छोड़ दिया तो अगले 75 साल और पीछे रह जाएंगे। इनमें से किसी को अपना परिवार प्यारा है किसी को दोस्त प्यारा है। किसी को भ्रष्टाचार करना है किसी को देश लूटना है। उन्होंने अपना घर भरने और दोस्तों का घर भरने के अलावा कुछ नहीं किया। 

केजरीवाल ने कहा कि इसके लिए सबसे पहले देश के हर बच्चे के लिए अच्छी शिक्षा का इंतजाम करना होगा। कोई डॉक्टर बनेगा कोई इंजीनियर बनेगा। एक-बच्चा एक एक परिवार को अमीर बना देगा। दूसरा काम करना होगा कि देश के एक-एक नागरिक के लिए अच्छे से अच्छे इलाज का इंतजाम करना होगा। फ्री में इलाज का इंतजाम करना पड़ेगा। तीसरी चीज, आज युवा बेरोजगार घूम रहे हैं, इनको रोजगार दिया जा सकता है। यदि सही नीयत और सिस्टम हो तो रोजगार दिया जा सकता है। एक-एक युवा को रोजगार देना है। चौथी चीज, हमारे देश की हर महिला को सम्मान मिलना चाहिए। हमारे देश की हर महिला को बराबरी का अधिकार मिलनी चाहिए, सुरक्षा मिलनी चाहिए। पांचवीं चीज, आज किसान का बेटा किसान क्यों नहीं बनना चाहता। हमें ऐसी व्यवस्था करनी होगी कि किसान खुशहाल बने। किसानों को फसल का पूरा दाम देना है।