मुस्लिम युवक से प्यार करने पर युवती को मिली खौफनाक सजा, प्रेमी के सऊदी जाते ही भाई- बहन ने हत्याकर नहर में फेंका शव

 मुस्लिम युवक से प्यार करने पर युवती को  मिली खौफनाक सजा, प्रेमी के सऊदी जाते ही भाई- बहन ने हत्याकर नहर में फेंका शव

वाराणसी (रणभेरी): आजमगढ़ जिले में मुस्लिम युवक से प्रेम प्रपंच को लेकर युवती की हत्या कर दी गई। पुलिस ने युवती के भाई और बहन को गिरफ्तार किया है। दोनों ने मिलकर युवती की हत्या की थी। 

दरअसल,  बहन अनीता का काफी दिनों से एक मुस्लिम युवक से प्रेम प्रपंच चल रहा था। परिवार के लोग इससे काफी नाराज थे। युवक के काम काज के सिलसिले में सऊदी चले जाने के बाद भी अनीता उससे वाट्सएप कॉल के जरिए बात करती थी। मना करने पर भी जब वह नहीं मानी तो भाई- बहन ने मिलकर यह खौफनाक कदम उठाया।

एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि अनीता का एक मुस्लिम युवक से प्रेम प्रपंच चल रहा था। परिवार को दोनों का यह रिश्ता मंजूर नहीं था। इसलिए उन्होंने उसे कई बार मना किया, लेकिन वह नहीं मानी। प्रेमी युवक द्वारा उसे एक मोबाइल भी दिया गया था। उसी मोबाइल फोन से उससे बराबर बात होती थी।

छह मार्च को उसका प्रेमी दिल्ली चला गया। वहां से वह 16 मार्च को सऊदी अरब चला गया। सऊदी अरब जाने के बाद भी दोनों की वाट्सएप के जरिए बात होती रही। परिवार के लोगों के मना करने के बाद भी अनीता ने बात करना नहीं छोड़ा। तब उसके भाई राजू यादव और बहन संगीता यादव ने उसकी हत्या कर दी और शव को नहर में फेंक दिया।