8 घंटे बारिश, 9 साल में सबसे कम अधिकतम तापमान; आज भी ठंड और बारिश के आसार

8 घंटे बारिश, 9 साल में सबसे कम अधिकतम तापमान; आज भी ठंड और बारिश के आसार

वाराणसी (रणभेरी): चक्रवाती तूफान मोंथा का असर गुरुवार को काशी में स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। भोर में सुबह 5 से 7 बजे तक तेज हवा के साथ बारिश हुई। इसके बाद शाम 7 बजे से रात 12 बजे तक रुक-रुककर वर्षा होती रही। इसी बीच नौ साल में सबसे कम अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।

दिनभर आसमान बादलों से ढका रहा और धूप नहीं निकली। तेज हवाओं के चलते ठंडक सामान्य दिनों की तुलना में अधिक महसूस हुई। लोगों को ऐसा अहसास हुआ मानो कार्तिक नहीं, बल्कि सावन का मौसम चल रहा हो। तापमान औसत से 7.9 डिग्री नीचे 23.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। वहीं न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार 18 मिमी बारिश दर्ज की गई।

बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि शुक्रवार को भी इसी तरह का मौसम रहने की संभावना है। उन्होंने कहा कि शनिवार से चक्रवात का असर कम होने लगेगा और मौसम साफ होने की उम्मीद है।

शहर में जलभराव से आमजन परेशान

लगातार दो दिन से हो रही बारिश से शहर के कई हिस्सों में जलभराव हो गया। बीएचयू अस्पताल की इमरजेंसी के बाहर पानी भरने से एंबुलेंस और अन्य वाहनों से मरीजों को उतारने में परेशानी हुई।

कैंट रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में भी पानी जमा हो गया, जिसके चलते यात्रियों को पानी से होकर प्लेटफॉर्म तक पहुंचना पड़ा। चांदपुर बिजली उपकेंद्र के सामने भी सड़क पर जलभराव देखा गया।बारिश के कारण कई मोहल्लों में सुबह के समय कूड़ा न उठ पाए, जिससे जगह-जगह गंदगी फैल गई और लोगों को दुर्गंध का सामना करना पड़ा।

फिलहाल बारिश का दौर जारी, ठंड बढ़ी

तेज हवाओं और बारिश के चलते शहर में ठंड और बढ़ गई है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी हल्की से तेज बारिश की संभावना जताई है। शनिवार से मौसम धीरे-धीरे सामान्य होने के आसार हैं।