RRR के गाने Naatu Naatu ने ऑस्कर में रचा इतिहास, राजमौली व जूनियर एनटीआर ने लिया था मां गंगा का आशीर्वाद

RRR के गाने Naatu Naatu ने ऑस्कर में रचा इतिहास, राजमौली व जूनियर एनटीआर ने लिया था मां गंगा का आशीर्वाद

Varanasi (Ranbheri): S.S.राजामौली की फिल्म RRR ने ऑस्कर 2023 अवॉर्ड में इतिहास रच दिया है। रामचरण और JR NTR की फिल्म RRR के गाने नाटू-नाटू (Naatu Naatu Wins Oscars 2023) को बेस्ट ओरिजिनल सॉन्ग का खिताब मिला है। ऑस्कर 2023 में आरआरआर ने भारत के नाम का परचम दुनिया भर में लहरा दिया है। 'नाटू-नाटू' को ऑस्कर सम्मान से देश के साथ ही वाराणसी में खुशी की लहर है। एक साल पहले  फिल्म आरआऱआर के निर्देशक एसएस राजमौली, जूनियर एनटीआर और रामचरन ने दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती देखी और मां गंगा से आशीर्वाद लिया था। बजड़े पर सवार होकर काशी की अलौकिकता और आध्यात्मिकता देखी। काशी आकर अभिभूत हो गए थे। राजमौली, जूनियर एनटीआर और रामचरन 22 मार्च 2022 को वाराणसी के दशाश्वमेध घाट आए थे। बजड़े पर सवार होकर गंगा बिहार करते हुए दशाश्वमेध घाट पहुंचे थे। यहां गंगा आरती में शामिल हुए थे। मां गंगा की विश्व प्रसिद्ध आरती देखी। काशी का अलौलिक दृश्य देखकर अभिभूत हो गए थे। फिल्म आरआरआर 25 मार्च 2022 को रिलीज हुई थी। इसका बजट 550 करोड़ रुपये से अधिक बताया जाता है। फिल्म के गीत ने ऑस्कर जीतकर इतिहास रच दिया। काशी आगमन के दौरान राजमौली, जूनियर एनटीआर और रामचरन का स्वागत गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्रा, कोषाध्यक्ष आशीष तिवारी,सचिव सुरजीत सिंह,व हनुमान यादव आदि ने स्वागत किया था। 

सोमवार सुबह कई फिल्म प्रशंसक काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे और दर्शन-पूजन किया। मंदिर में दर्शन पूजन के बाद निकले शिवम ने कहा कि 22 मार्च 2022 को  'आरआरआर' की पूरी टीम प्रमोशन के लिए वाराणसी आई थी। बाबा विश्वनाथ धाम में दर्शन पूजन के बाद सभी दशाश्वमेध घाट पर पारंपरिक परिधान में गंगा आरती में शामिल हुए थे। दशाश्वमेध घाट पर होने वाली विश्व प्रसिद्ध मां गंगा की आरती के आयोजक गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्रा ने कहा कि  'आरआरआर' के गाने 'नाटू-नाटू'  को ऑस्कर खिताब मिलने से बेहद खुशी हुई है। सोमवार शाम आरती से पहले मां गंगा के लिए विशेष दीपदान किया जाएगा। 

गंगा सेवा निधि के कोषाध्यक्ष आशीष तिवारी और सचिव सुरजीत सिंह व हनुमान यादव ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि 'आरआरआर' को मां गंगा का आशीर्वाद मिला है। बताया कि जूनियर एनटीआर और रामचरण महादेव की नगरी और काशीवासियों के फैन हो गए थे। दोनों कलाकारों ने कहा था कि काशीवासियों का यह प्यार हमें जरूर सफलता की ऊंचाइयों पर ले जाएगा।काशी विश्वनाथ मंदिर के न्यास अध्यक्ष प्रोफेसर नागेंद्र पांडेय ने कहा कि कुछ उपलब्धियां बधाइयों की सीमाओं से बहुत बड़ी होती हैं। 'आरआरआर' के गीत को ऑस्कर मिलने पर फिल्म के संगीतकार, निर्देशक, गायकों, कलाकारों, निर्माता, वितरक, सभी भारतवासियों और वैश्विक दर्शकों को बधाई। आचार्य अशोक द्विवेदी ने कहा कि हम सभी भारतवासियों और भारतीय सिनेमा के लिए यह गौरवशाली पल है। अपने शानदार गाने के लिए ऑस्कर अवॉर्ड जीतने पर आरआरआर फिल्म की पूरी टीम को बधाई।