ओवरब्रिज के नीचे ऑटो व ठेले वालों का कब्जा

ओवरब्रिज के नीचे ऑटो व ठेले वालों का कब्जा

वाराणसी(रणभेरी)। कचनार-राजातालाब से जंसा जाने वाले मार्ग पर ओवरब्रिज के नीचे अतिक्रमण है। यहां ओवरब्रिज के नीचे गलत तरीके से वाहन खड़े रहते हैं। ओवरब्रिज के नीचे ही दुकानदारों ने भी ठेला लगा रखा है। पुल के नीचे उसकी दीवारों से सटकर और सड़क के किनारे तमाम दुकानें लगी हुई हैं। यहां दुकान और ठेला लगायें जाने और यहां वहां खड़े वाहन से दिनभर जाम लगा रहता है। यहां जंसा से आकर मोहन सराय, मिर्जामुराद, जक्खिनी खैरा, जमुआ जाने वाले राहगीर इस जाम में फंस जाते हैं। हर रोज यहां पर लंबा जाम लग जाता है। ओवरब्रिज के नीचे से पार करके लोग 6 दिशाओं में जाते हैं। इस कारण भी यहां दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। यहां पर पुलिस की कार्रवाई न के बराबर होती है। साल में एक या दो बार अभियान चलाकर पुलिस अपने अभियान चलाती है। यहां ट्रैफिक पुलिस भी लगाई जाती है। यहां ट्रैफिक पुलिस के लोग साइड में इधर-उधर खड़े रहते हैं। ठीक से देख रेख न होने के कारण भी यहां जाम की समस्या का समाधान नहीं हो पाता है। स्थानीय जिला पंचायत सदस्य दिनेश यादव पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य आर के गुप्ता, कृष्णा जायसवाल संदीप श्रीवास्तव मनोज पटेल बृजेश पटेल का कहना है कि स्थानीय पुलिस सक्रिय हो जाए तो अनावश्यक लगने वाले जाम से लोगों को मुक्ति मिल सकेगी।