राजनीतिक हलचल तेज: बंगाल में शपथ समारोह की तैयारी, तमिलनाडु में सरकार गठन का दावा, हिंसा में बढ़ा तनाव

राजनीतिक हलचल तेज: बंगाल में शपथ समारोह की तैयारी, तमिलनाडु में सरकार गठन का दावा, हिंसा में बढ़ा तनाव

(रणभेरी): पश्चिम बंगाल की राजनीति में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से 9 मई को कोलकाता स्थित ब्रिगेड परेड ग्राउंड में सुबह 10 बजे शपथ ग्रहण समारोह आयोजित करने की तैयारी की जा रही है। प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने बुधवार को इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि इससे एक दिन पहले यानी 8 मई को विधायक दल की अहम बैठक बुलाई गई है।

इसी बीच प्रशासनिक सुरक्षा व्यवस्था में भी बदलाव देखने को मिला है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी के आवासों से अतिरिक्त पुलिस बल हटा लिया गया है, हालांकि दोनों को पूर्व की तरह जेड श्रेणी की सुरक्षा जारी रहेगी।

तमिलनाडु में सत्ता गठन की कोशिशें तेज

तमिलनाडु में राजनीतिक घटनाक्रम भी तेजी से बदल रहा है। TVK प्रमुख विजय ने बुधवार को राजभवन में राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार गठन का दावा पेश किया। इससे पहले राजनीतिक हलकों में यह चर्चा तेज रही कि एआईएडीएमके और कांग्रेस के बीच TVK को समर्थन देने को लेकर प्रतिस्पर्धा जैसी स्थिति बन गई थी। दोपहर के समय कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल TVK कार्यालय पहुंचा और लिखित समर्थन पत्र सौंपा। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि अन्य दल किस दिशा में जाएंगे।

बहुमत का गणित बना चुनौती

234 सदस्यीय विधानसभा में TVK के पास फिलहाल 108 सीटें हैं। लेकिन दो सीटों पर जीत के कारण एक सीट छोड़ने की स्थिति में संख्या 107 रह जाएगी। ऐसे में बहुमत के लिए आवश्यक आंकड़ा 118 पहुंचता है, जिससे पार्टी को कम से कम 11 और विधायकों का समर्थन चाहिए। सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस के पांच विधायक पहले ही समर्थन का संकेत दे चुके हैं, लेकिन अन्य दलों की स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है।

बंगाल में हिंसा, चार मौतें, तनाव जारी

इधर पश्चिम बंगाल में चुनाव परिणाम के बाद उपजे तनाव ने हिंसक रूप ले लिया है। पिछले 24 घंटों में अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत की खबर है, जिनमें भाजपा और टीएमसी दोनों के दो-दो कार्यकर्ता शामिल बताए जा रहे हैं। कोलकाता के न्यू मार्केट इलाके में मंगलवार देर रात भीड़ ने एक टीएमसी कार्यालय को नुकसान पहुंचाया और बुलडोजर से ढांचा गिरा दिया। आसपास की कई दुकानों में भी तोड़फोड़ की गई।

नॉर्थ 24 परगना के संदेशखाली क्षेत्र के बामनघेरी इलाके में गश्त कर रही पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों पर हमला हुआ। इस दौरान कथित तौर पर फायरिंग भी की गई, जिसमें पांच जवान घायल हो गए।

TVK विधायकों को रिसॉर्ट में शिफ्ट किया गया

राजनीतिक अस्थिरता के बी TVK ने अपने सभी नवनिर्वाचित विधायकों को महाबलीपुरम के पास एक निजी रिसॉर्ट में स्थानांतरित कर दिया है। पार्टी का कहना है कि यह कदम विधायकों की सुरक्षा और रणनीतिक चर्चा के लिए उठाया गया है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *